विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 10, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Russia-Ukraine war: रूस ने यूक्रेन पर दागी 75 मिसाइलें, 8 लोगों की मौत; कई घायल

By AgencyEdited By: Manish Negi
Updated: Mon, 10 Oct 2022 01:49 PM (IST)

Russia-Ukraine war यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई इलाकों में जोरदार धमाके हुए हैं। सोमवार सुबह मिसाइल से भी हमला हुआ है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि हमले में कई लोग मारे गए। हमले में कई लोगों के जख्मी होने की भी खबर है।

Russia-Ukraine war: यूक्रेन की राजधानी कीव में मिसाइल अटैक
Russia-Ukraine war: यूक्रेन की राजधानी कीव में मिसाइल अटैक

कीव, एजेंसी। यूक्रेन की राजधानी कीव में सोमवार सुबह जोरदार धमाके हुए हैं। कीव के अलावा यूक्रेन के कई शहरों को निशाना बनाया गया है। एजेंसी से मिली जानकारी के मुताबिक, राजधानी में मिसाइल से हमला किया गया है। इन हमलों में कई लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि जोरदार धमाकों के बाद कीव से घना धुआं उठा। राजधानी कीव पर ये रूस का कई दिनों बाद हमला है।

जेलेंस्की बोले- कई लोगों की मौत हुई

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इन हमलों की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि हमले में कई लोग मारे गए हैं। इसके अलावा कई घायल भी हुए हैं। वहीं, कीव पुलिस का कहना है कि हमले में कम से कम 8 लोगों की मौत हुई है।

यूक्रेन का दावा- रूस की 41 मिसाइल की नष्ट

उधर, यूक्रेन का दावा है कि उसने रूस की कई मिसाइलों को नष्ट कर दिया है। यूक्रेन के टॉप जनरल ने कहा कि यूक्रेनी सेना ने कम से कम 41 मिसाइलों को नष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि रूसी सेना ने 75 मिसाइल दागी थी, जिनमें से 41 मिसाइलों को नष्ट किया गया।

बता दें कि ताजा हमले रूस और क्रीमिया को जोड़ने वाले पुल पर हुए विस्फोट के बाद हुए हैं। दो दिन पहले ही इस पुल पर धमाका हुआ था। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस हमले के लिए यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया था।

पुतिन ने बताया था आतंकी हमला

पुतिन ने कहा था कि पुल को उड़ाने की घटना आतंकी साजिश है। उन्होंने कहा, 'इसमें कोई शक नहीं कि यह आतंकी घटना थी। इसका उद्देश्य नागरिक आधारभूत ढांचे को बर्बाद करना था।' इस घटना के बाद पुतिन ने रूसी जांच समिति के अध्यक्ष के साथ बैठक भी की। धमाके की जांच के लिए समिति का गठन किया गया था।

रूस को क्रीमिया से जोड़ने वाले एकमात्र पुल पर धमाके के वक्त आग लग गई थी। रूस ने 2014 में क्रीमिया पर कब्जा किया था और इसी पुल के जरिए रूसी सैनिकों को हथियार की सप्लाई की जाती थी।

ये भी पढ़ें:

रूस-क्रीमिया पुल विस्फोट के बाद एक्शन में आए Vladimir Putin, जांच समिति के अध्यक्ष के साथ की बैठक

पुतिन ने कर्च ब्रिज पर विस्फोट को आतंकी हमला बताया, बोले- यूक्रेन की खुफिया एजेंसी ने रची थी साजिश