बाढ़ के बाद नेपाल में भूकंप के झटके, डरकर घरों से बाहर निकले लोग
बाढ़ से जूझ रहे नेपाल में मंगलवार रात 5.0 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने इसकी जानकारी दी।

बाढ़ से जूझ रहे नेपाल में 5.0 तीव्रता का भूकंप आया (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
यह भूकंप तिब्बत में कुछ घंटे पहले आए 5.3 तीव्रता के भूकंप के बाद दर्ज किया गया
नेपाल में बाढ़ में अब तक 1,357 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं बचाव कार्य अभी भी जारी है
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बाढ़ से जूझ रहे नेपाल में मंगलवार रात 5.0 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने इसकी जानकारी दी। यह भूकंप तिब्बत में कुछ घंटे पहले आए 5.3 तीव्रता के भूकंप के बाद दर्ज किया गया। पिछले गुरुवार को भी तिब्बत में 5.0 तीव्रता का भूकंप आया था।
यह भूकंप तब आया है जब नेपाल अगस्त 26 को आई विनाशकारी फ्लैश फ्लड की तबाही से उबरने की कोशिश कर रहा है।
नेपाल की राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार बाढ़ में अब तक 1,357 लोगों की मौत हो चुकी है। बचाव दल अभी भी 5,326 लोगों की तलाश कर रहे हैं, जबकि 13,583 लोगों को बचाया जा चुका है।
रॉयटर के अनुसार, नौ जिलों में फ्लैश फ्लड के कारण हाइड्रोपावर परियोजनाओं की सुरंगों में 121 के अब भी अंदर फंसे होने की आशंका है।
रसुवा जिले की चिलिमे हाइड्रोपावर परियोजना में छह कर्मचारी लापता हैं। सांसद श्रीराम नेउपाने के मुताबिक, इनमें चार के जीवित होने की उम्मीद है।
सुरंगों में हवा के लिए छोटे वेंटिलेशन सिस्टम, आराम करने के कमरे और कुछ जगहों पर रसोई भी बनी होती है। इसलिए बचाव दल अभी उम्मीद नहीं छोड़ रहा है।
प्रेट्र के अनुसार, कर्मचारियों को बाहर निकालने के अभियान में भारतीय सुरंग विशेषज्ञों की टीम भी जुटी है। आस्ट्रेलियाई सुरंग विशेषज्ञ अर्नोल्ड डिक्स भी अभियान में मदद कर रहे हैं।
