विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब प्लेटफॉर्म नहीं, यूजर तय करेगा फीड में क्या देखना है: ऑस्ट्रेलिया में सोशल मीडिया के खिलाफ सख्त कानून की तैयारी

Published: Tue, 08 Sep 2026 11:07 PM (IST)

ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने सोशल मीडिया यूजर्स को एल्गोरिदम से बाहर निकलने का विकल्प देने के लिए नए कानून प्रस्तावित किए हैं, जिससे उन्हें अपनी फीड पर अधिक नियंत्रण मिलेगा।

ऑस्ट्रेलिया में सोशल मीडिया पर यूजर का नियंत्रण बढ़ेगा

ऑस्ट्रेलिया में सोशल मीडिया पर यूजर का नियंत्रण बढ़ेगा

HighLights

  1. ऑस्ट्रेलिया ने सोशल मीडिया एल्गोरिदम से बाहर निकलने का प्रस्ताव रखा।

  2. यूजर्स को अपनी फीड पर अधिक नियंत्रण मिलेगा।

  3. बच्चों को हानिकारक ऑनलाइन सामग्री से सुरक्षित रखा जाएगा।

डिजिटल डेस्क, कैनबरा। ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने मंगलवार को नए कानूनों का प्रस्ताव रखा है, जिसके तहत सोशल मीडिया यूजर्स को एल्गोरिदम से बाहर निकलने (आप्ट-आउट करने) का विकल्प दिया जाएगा। इससे यूजर्स को सोशल मीडिया फीड पर दिखने वाली चीजों पर अधिक नियंत्रण मिल सकेगा।

एल्गोरिदम से आप्ट-आउट का मतलब है किसी डिजिटल प्लेटफार्म को अपनी व्यक्तिगत पसंद, ब्राउजिंग हिस्ट्री और डाटा के आधार पर कंटेंट दिखाने से रोकना है।

प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने कहा, हम सोशल मीडिया प्लेटफार्म के लिए ऐसे यूजर-एंपावरमेंट टूल्स देना जरूरी करेंगे, जिनसे 16 साल से अधिक उम्र के लोगों को यह चुनने का असली और पक्का विकल्प मिल सके कि वे अपने फीड में क्या देखना चाहते हैं।

प्रस्तावित कानून बच्चों को ऐसे कंटेंट से भी बचाएगा जो ईटिंग डिसआर्डर, महिलाओं के बारे में नफरत भरे विचार, पोर्नोग्राफी, अपराध, खतरनाक स्टंट को बढ़ावा देते हैं या जिनसे गंभीर मानसिक परेशानी हो सकती है।

यूजर्स को ज्यादा कंट्रोल देने और बच्चों को आनलाइन ज्यादा सुरक्षित रखने का यह कदम ऑस्ट्रेलिया द्वारा पिछले साल दिसंबर में दुनिया के सबसे पहले ऐसे कानून लाने के बाद उठाया गया है, जिसमें 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए इंस्टाग्राम, फेसबुक और टिकटाक जैसे प्लेटफार्म पर अकाउंट बनाने पर रोक लगाई गई थी।

सरकार के मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफार्म को नए और मौजूदा यूजर्स को एक नोटिफिकेशन भेजना होगा, जिसमें उन्हें अपने डिफाल्ट फीड के बारे में चुनने का विकल्प दिया जाएगा। यूजर्स चुन सकेंगे कि उनके डिफाल्ट फीड में एल्गोरिदम द्वारा सुझाया गया पर्सनलाइज्ड कंटेंट शामिल हो।

(न्यूज एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)