अफ्रीकी देश कांगो में भीषण हादसा: बुकावू शहर के स्कूल में आग, 24 बच्चों की मौत; सैकड़ों घर खाक
पूर्वी कांगो के विद्रोही नियंत्रण वाले शहर बुकावू में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। ...और पढ़ें

बुकावू शहर के स्कूल में आग, 24 बच्चों की मौत (फोटो- रॉयटर)
HighLights
मृतकों में 19 लड़कियां और 5 लड़के शामिल हैं
हादसे में 29 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं
रॉयटर, कांगो। पूर्वी कांगो के विद्रोही नियंत्रण वाले शहर बुकावू में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां के एक स्कूल परिसर और उसके पास की घनी आबादी वाली बस्ती में भीषण आग लगने से कम से कम 24 स्कूली बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों में 19 लड़कियां और 5 लड़के शामिल हैं। हादसे में 29 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
आग के बाद मची भगदड़ ने बढ़ाया नुकसान
स्थानीय सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तब लगी जब बच्चे कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे थे। लपटें इतनी तेज थीं कि स्कूलों से बाहर निकलने की कोशिश में बच्चों के बीच भारी भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए कुछ छात्रों ने इमारत की ऊपरी मंजिलों से भी छलांग लगा दी।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस आग ने न केवल दो स्कूलों को अपनी चपेट में लिया, बल्कि पास में बने लगभग 300 लकड़ी के मकानों को भी जलाकर राख कर दिया, जिससे सैकड़ों परिवार बेघर हो गए हैं।
मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका
स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों और बचावकर्मियों का कहना है कि मरने वालों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है। एक स्थानीय अस्पताल ने पुष्टि की है कि उनके यहां 50 से अधिक छात्रों को लाया गया था, जिनमें से 14 बच्चों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, 21 मरीज अभी भी आईसीयू में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।
