इजरायल ने युद्धविराम तोड़कर लेबनान पर फिर की बमबारी, 12 लोगों की मौत
इजरायल ने युद्धविराम के बावजूद दक्षिणी लेबनान पर फिर बमबारी की, जिसमें 12 लोग मारे गए और पांच घायल हुए।

लेबनान पर इजरायल की फिर बमबारी।
HighLights
इजरायल ने सोमवार को दक्षिणी लेबनान पर फिर बमबारी की।
फार रुम्मान शहर में 12 लोग मारे गए, पांच घायल हुए।
अमेरिका की मध्यस्थता में लागू युद्धविराम का उल्लंघन।
डिजिटल डेस्क, बेरूत। युद्धविराम के बावजूद इजरायल ने सोमवार को फिर से लेबनान पर बमबारी की। इजरायली सीमा से सटे दक्षिणी भाग में बमबारी में 12 लोग मारे गए और पांच लोग घायल हुए हैं। इससे पहले रविवार को भी इजरायली हमले में दक्षिणी लेबनान में सात लोग मारे गए थे।
लेबनान में अमेरिका की मध्यस्थता में जून से युद्धविराम लागू है लेकिन इजरायल इसका उल्लंघन करते हुए शिया सशस्त्र संगठन हिजबुल्ला के ठिकानों पर लगातार हमले कर रहा है। माना जा रहा है कि इजरायल दक्षिणी लेबनान पर कब्जे की तैयारी में है।
ताजा हमले में इजरायल के लड़ाकू विमानों ने फार रुम्मान शहर के आवासीय भवनों को निशाना बनाकर बमबारी की। इस बमबारी में दो बच्चों समेत 10 लोग मारे गए जबकि इसी शहर में एक कार पर इजरायल के ड्रोन हमले में दो लोग मारे गए हैं।
इजरायली सेना के प्रवक्ता ने कहा है कि आमजनों को इलाका खाली करने की चेतावनी के बाद यह हमला किया गया। सेना ने हिजबुल्ला के ठिकानों और उसके लड़ाकों को निशाना बनाया है।
उल्लेखनीय है कि पिछले छह महीनों में इजरायली हमलों में लेबनान में 4,300 से ज्यादा लोग मारे गए हैं। अगर अक्टूबर 2023 से लेबनान में मारे गए लोगों की संख्या जोड़ी जाए तो आंकड़ा 10 हजार से ज्यादा का हो जाता है।
(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
