विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अमेरिका अंतरिम समझौते पर टिकेगा, तो ईरान भी निभाएगा वादा', बोले ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियान

Published: Wed, 02 Sep 2026 12:03 AM (IST)

ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने कहा कि यदि अमेरिका जून में हुए अंतरिम समझौते का सम्मान करेगा तो ईरान भी अपनी प्रतिबद्धताओं का पालन करेगा।

पेजेश्कियान ने कहा, अमेरिका मानेगा तो ईरान भी समझौता निभाएगा (फाइल फोटो)

पेजेश्कियान ने कहा, अमेरिका मानेगा तो ईरान भी समझौता निभाएगा (फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने मंगलवार को कहा कि अगर अमेरिका जून में हस्ताक्षरित अंतरिम समझौते के तहत अपनी प्रतिबद्धताओं का सम्मान करेगा तो ईरान भी वैसा ही करेगा।

उनका यह बयान ऐसे समय आया, जब एक दिन पहले ही दोनों देशों ने एक-दूसरे के ठिकानों पर हमले किए थे। पश्चिम एशिया में महीनेभर की शांति के बाद ये हमले हुए। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के पास कोई स्पष्ट नेता नहीं है।

हमलों के बाद पश्चिम एशिया में शांति भंग हुई

रायटर के अनुसार, किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन के दौरान पेजेश्कियान ने यह बयान दिया। उन्होंने कहा, 'मैं साफ तौर पर यह कह रहा हूं कि अगर अमेरिका समझौते के तहत अपनी प्रतिबद्धताओं की ओर लौटता है तो इस्लामिक गणराज्य ईरान भी तुरंत ऐसा ही करेगा।'

पेजेश्कियान उस अंतरिम समझौते का उल्लेख कर रहे थे, जिस पर गत जून में तेहरान और वाशिंगटन ने हस्ताक्षर किए थे। दोनों देशों के बीच युद्ध समाप्त करने के प्रयास में यह समझौता किया गया था। यह युद्ध 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल के ईरान पर हमलों के साथ शुरू हुआ था।

ट्रंप ने ईरान में नेतृत्व की  कमजोरी बताई

हालांकि यह समझौता जल्द ही विफल हो गया था। इधर, अमेरिकी वित्त मंत्री स्काट बेसेंट ने मंगलवार को कहा कि उनका देश ईरान के खिलाफ अपने आर्थिक अभियान के तहत इसी सप्ताह उसके बैंकों पर प्रतिबंधों का एलान कर सकता है।

आईएएनएस के मुताबिक, ट्रंप ने व्हाइट हाउस में दावा किया कि अमेरिका की नई सैन्य कार्रवाई के बाद ईरान में कोई स्पष्ट नेता नहीं दिख रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उस देश की सेना की ताकत पहले के मुकाबले बहुत कम रह गई है।