विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रंप ने दिए अमेरिकी प्रांत न्यू मैक्सिको का नाम बदलकर ‘न्यू अमेरिका’ करने के संकेत, विरोध शुरू

Published: Tue, 08 Sep 2026 02:00 AM (IST)Updated: Tue, 08 Sep 2026 04:50 AM (IST)

डोनल्ड ट्रंप ने न्यू मैक्सिको का नाम बदलकर 'न्यू अमेरिका' करने के संकेत दिए हैं, जिसके लिए उन्होंने एक नक्शा भी साझा किया।

न्यू मैक्सिको का नाम बदलकर ‘न्यू अमेरिका’ करने के संकेत।

न्यू मैक्सिको का नाम बदलकर ‘न्यू अमेरिका’ करने के संकेत।

HighLights

  1. ट्रंप ने न्यू मैक्सिको का नाम 'न्यू अमेरिका' करने का संकेत दिया।

  2. उन्होंने 'न्यू अमेरिका' नाम वाला एक संशोधित नक्शा साझा किया।

  3. न्यू मैक्सिको के राज्यपाल और सीनेटर ने इस कदम का विरोध किया।

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप अक्सर अपने फैसले से चौंकाते रहते हैं। अब उन्होंने अमेरिका के एक प्रांत न्यू मैक्सिको का नाम न्यू अमेरिका करने के रविवार को संकेत दिए। उन्होंने न्यू मैक्सिको के नए नाम के साथ नक्शा साझा किया। इस नक्शे में मैक्सिको को काटकर उसकी जगह अमेरिका लिखा है। इससे कुछ दिन पहले ही उन्होंने लेक ओंटारियो का नाम बदलकर "लेक अमेरिका" करने के लिए कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए थे।

ट्रंप ने न्यू मैक्सिको के नक्शे को ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया। इसे व्हाइट हाउस ने भी एक्स पर साझा किया। नक्शे में राज्य की आउटलाइन दिख रही है, जिसमें "मेक्सिको" शब्द को लाल रंग से काटकर उसकी जगह "अमेरिका" लिखा गया है। नक्शे के साथ कोई जानकारी या स्पष्टीकरण नहीं था। हालांकि व्हाइट हाउस ने न्यू मेक्सिको का नाम बदलने की किसी योजना की घोषणा नहीं की है।

ट्रंप के पास 'जियोग्राफिक नेम्स इन्फार्मेशन सिस्टम' में झीलों जैसे पानी के स्रोतों जैसी भौगोलिक जगहों के नाम बदलने की शक्ति है, लेकिन उनके पास राज्यों का कानूनी रूप से नाम बदलने की संवैधानिक शक्ति नहीं है। इसके लिए राज्य के भीतर ही प्रक्रिया पूरी करनी होगी। पिछले महीने के आखिर में ट्रंप ने लेक ओंटारियो का नाम बदला था।

इससे पहले ट्रंप ने जनवरी 2025 में कार्यभार संभालने के पहले दिन कार्यकारी आदेश जारी कर गल्फ आफ मैक्सिको का नाम बदलकर गल्फ आफ अमेरिका कर दिया।

न्यू मैक्सिको का नाम बदलने के प्रयास का विरोध भी शुरू हो गया है। न्यू मैक्सिको की डेमोक्रेट गवर्नर मिशेल लुजन ग्रिशाम ने ट्रंप पर अमेरिकियों का ध्यान भटकाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने रविवार को एक्स पर पोस्ट किया, इस समय जब ईरान में विनाशकारी जंग से गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं राष्ट्रपति अमेरिकियों का ध्यान भटकाने और व्हाइट हाउस नक्शों पर रंग भरने में समय बर्बाद कर रहा है।

डेमोक्रेटिक सीनेटर मार्टिन हेनरिक ने भी ट्रंप की पोस्ट पर आपत्ति जताई। उन्होंने पोस्ट किया, गल्फ आफ मैक्सिको, लेक ओंटारियो और न्यू मेक्सिको के लिए मैं हमेशा उनके असली नामों का ही इस्तेमाल करुंगा।

डोनल्ड ट्रंप ने बदला बालों का रंग

न्यूजर्सी एयरपोर्ट पर डोनल्ड ट्रंप के बालों का रंग बदला हुआ दिखा। वह सुनहरे और बिखरे हुए बालों के बजाय गहरे भूरे बालों वाले लुक में नजर आए। नए हेयरस्टाइल की वजह से जल्द ही इंटरनेट मीडिया पर ट्रंप के बालों के रंग की चर्चा होने लगी। एक एक्स यूजर ने पोस्ट किया, ट्रंप सुबह उठे और बोले, ‘मेक अमेरिका ब्रूनेट अगेन।

गौरतलब है कि कुछ ही दिनों पहले ट्रंप ने विग पहनने की खबरों का अफवाह करार दिया था। 'द हिल' ने दावा किया कि ट्रंप विग पहनते हैं। ट्रंप ने विग पहनने को लेकर लंबे समय से चली आ रही खबरों को लेकर बुधवार को कहा, मैं विग नहीं पहनता। अगर मैं विग पहनता, तो वह ज्यादा देर तक मेरे सिर पर नहीं टिकता। हालांकि कुछ लोग अभी भी इस बात से सहमत नहीं हैं कि यह विग नहीं, ट्रंप के असली बाल हैं।