भारतीय दंपती के 2 करोड़ डॉलर दान से अमेरिकी यूनिवर्सिटी में खुलेगा एआई कॉलेज
भारतीय मूल के दंपती अनुराधा और विकास सिन्हा ने यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ टेक्सास को 2 करोड़ डॉलर दान किए हैं। ...और पढ़ें

भारतीय दंपती ने यूनिवर्सिटी को दो करोड़ डॉलर का किया दान
HighLights
भारतीय मूल के दंपती ने यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थ टेक्सास को 2 करोड़ डॉलर दान किए।
इस दान से 'अनुराधा और विकास सिन्हा एआई कॉलेज' की स्थापना होगी।
नया कॉलेज एआई और एडवांस्ड एनालिटिक्स के विकास पर केंद्रित होगा।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। भारतीय मूल के दंपती ने यूनिवर्सिटी आफ नार्थ टेक्सास को दो करोड़ डॉलर दान किए हैं। यूनिवर्सिटी उनके नाम पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और एडवांस्ड एनालिटिक्स का एक नया कालेज शुरू करेगी।
यूनिवर्सिटी ने बताया कि 'अनुराधा और विकास सिन्हा कालेज आफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड एडवांस्ड एनालिटिक्स' एक ऐसा एकेडमिक हब होगा जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंटेलिजेंट सिस्टम और डाटा एनालिटिक्स के विकास, इस्तेमाल और जिम्मेदार उपयोग पर ध्यान केंद्रित करेगा।
इस दान से छह स्थायी फंड (एंडोमेंट) बनाए जाएंगे जो कालेज की लीडरशिप, छात्रों की स्कालरशिप, प्रोफेसरशिप, एंटरप्रेन्योरशिप और इनक्यूबेशन, एडवांस्ड रिसर्च और उभरती हुई टेक्नोलाजी को समर्थन करेंगे।
विकास सिन्हा ने कहा, अनु और मैं इसे एक ऐसे निवेश के तौर पर देखते हैं जिससे छात्र आने वाले सालों में नई चीजों की कल्पना कर सकेंगे और उन्हें पूरा कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि कालेज छात्रों को सिर्फ एआइ का इस्तेमाल करना ही नहीं सिखाएगा। यह उन्हें एआई बनाने, समझने, उस पर सवाल उठाने, उसे मैनेज करने और जिम्मेदारी से उसका इस्तेमाल करने के लिए तैयार करेगा यानी इंटेलिजेंट सिस्टम बनाने वाले और उन्हें संभालने वाले, दोनों तरह के लोग तैयार करेगा।
सिन्हा परिवार ने भारत से अमेरिका आने के बाद फ्लोरिडा अटलांटिक यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट डिग्री हासिल की। विकास सिन्हा ने नार्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी में पढ़ाई की और 2023 में यूएनटी से इन्फार्मेशन साइंस में पीएचडी की डिग्री हासिल की। वे ब्राडकाम में मेनफ्रेम साफ्टवेयर डिवीजन के वाइस प्रेसिडेंट हैं और 2023 से यूएनटी कालेज आफ इन्फार्मेशन लीडरशिप बोर्ड में भी काम कर रहे हैं।
विकास सिन्हा ने कहा, शिक्षा ने हमारी पूरी जिंदगी में कई रास्ते खोले हैं, और हम चाहते हैं कि दूसरों के लिए भी ये रास्ते खुले रहें।
(न्यूज एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)
