अचानक क्यों हवा में टंग गया शिकागो का ड्रॉब्रिज? घंटों ठप रही रफ्तार
शिकागो में भीषण गर्मी के कारण एक लोहे का पुल हवा में ही अटक गया, जिससे घंटों तक यातायात बाधित रहा।

शिकागो में भीषण गर्मी से लोहे का पुल हवा में अटका

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अमेरिका में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। गर्मी का आलम यह है कि इंसान तो क्या लोहे के पुल भी इसके चपेट में आने लगे हैं। अमेरिका के शिकागो से एक ऐसा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है।
यहां गर्मी की चपेट में आने से एक लोहे पुल इतना गर्म हो गया कि हवा में ही अटक लगा। यह पुल खुलने के बाद घंटों तक हवा में ही अटका रहा। इसकी वजह से शिकागो में यातायात पूरी तरह से ठप पड़ गया। सैकड़ों गाड़ियां फंसी रही। परिवहन अधिकारियों के मुताबिक पुल में यह दिक्कत भीषण गर्मी की वजह से आई।
हवा में अटका ब्रिज
पूरी घटना बीते बुधवार की है। जब शिकागो के डाउनटाउन का यह पुल कई घंटों तक हवा में ही अटका रह गया। दरअसल इस पुल को जहाजों के गुजरने के लिए ऊपर उठाया जाता है और जैसे ही जहाज इसे पार करते हैं वापस इसे नीचे गिरा दिया जाता है ताकि गाड़ियां इसपर से जा सके।
लेकिन बुधवार को ऐसा नहीं हुआ। जब पुल को दोबारा नीचे गिराने की कोशिश की गई तो वह हवा में ही अटक गया। दरअसल गर्मी के कारण इसके मैकेनिज्म ने काम करना बंद कर दिया। पुल ऊपर ही अटका रह गया और नीचे ही नहीं आया। इसकी वजह से शिकागो के मुख्य रास्ते पर गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई।
क्या थी वजह?
डिपार्टमेंट ऑफ ट्रांसपोर्टेशन ने बताया कि घटना की वजह असल में गर्मी थी। जब धातु (मेटल) बहुत ज्यादा गर्म हो जाता है तो फैलने लगता है। विज्ञानिक भाषा में इसे मेटल एक्सपेंशन कहते हैं। शिकागो के ब्रिज के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ।
भयंकर गर्मी के चलते ब्रिज गर्म होकर फैल गया। जब पुल को उठाया गया, तो फैलाव की वजह से उसके जोड़ और गियर आपस में इस तरह फंस गए कि वे वापस अपनी जगह पर नहीं बैठ पाए।
कैसे दोबारा नीचे आया पुल?
पुल को ठंडा करने के लिए फौरन इंजीनियरों की टीम पहुंची। उन्होंने पानी के बौछार के साथ पुल को दोबारा ठंडा किया। इसमें कई घंटों का समय लगा। जैसे-जैसे पुल ठंडा होता गया वापस अपने स्थान पर नीचे आ गया।
