घर में हो रहा था खूनखराबा... एक फोन कॉल और बच गई 3 बच्चों की जान; अमेरिका में 4 भारतीयों की हत्या पर बड़ा खुलासा
अमेरिका के जॉर्जिया में एक भारतीय परिवार पर दुखद घटना हुई। एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद में अपनी पत्नी और ...और पढ़ें
-1769256582810_m.webp)
घर में हो रहा था खूनखराबा बच्चों ने 911 पर किया कॉल और बच गई जान (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
HighLights
पति ने पत्नी और तीन रिश्तेदारों की गोली मारकर हत्या की।
घर में मौजूद बच्चों ने 911 पर कॉल कर जान बचाई।
आरोपी विजय कुमार गिरफ्तार, उस पर हत्या के आरोप लगे।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में रहने वाले एक भारतीय परिवार पर शुक्रवार तड़के दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन रिश्तेदारों की गोली मारकर हत्या कर दी। इस भयावह घटना में घर में मौजूद तीन बच्चों की जान समय पर की गई 911 कॉल से बच गई।
यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 2.30 बजे (स्थानीय समय) जॉर्जिया के लॉरेंसविल शहर के ब्रुक आइवी कोर्ट इलाके में हुई। पुलिस को 911 पर कॉल मिलने के बाद मौके पर भेजा गया। घर पहुंचने पर पुलिस ने चार व्यवस्कों के शव पाए, जिन पर गोली लगने के निशान थे। मृतकों की पहचान मीनू डोगरा, गौरव कुमार, निधि चंदर और हरीश चंदर के रूप में हुई।
गोलीबारी के वक्त घर पर मौजूद थे 3 बच्चे
गोलीबारी के वक्त घर में तीन बच्चे मौजूद थे। डर के मारे तीनों बच्चे घर के एक क्लोसेट में जाकर छिप गए। पुलिस के अनुसार, इनमें से एक बच्चा आरोपी विजय कुमार और मीनू डोगरा का संतान है। इसी बच्चे ने हिम्मत दिखाते हुए 911 पर कॉल कर दी।
बच्चे से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई। तीनों बच्चों को कोई चोट नहीं आई है और अब उन्हें परिवार के एक सदस्य के पास सुरक्षित भेज दिया गया है।
पुलिस ने 51 वर्षीय विजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर चार मामलों में एग्रेवेटेड असॉल्ट और चार मामलों में फेलोनी मर्डर के आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा, उस पर चार मामलों में मैलिस मर्डर, बच्चों के साथ क्रूरता का एक मामला (फर्स्ट डिग्री) और बच्चों के साथ क्रूरता के दो मामले (थर्ड डिग्री) भी दर्ज किए गए हैं।
भारतीय दूतावास ने की पुष्टि
अटलांटा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। दूतावास ने पुष्टि की कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दी जा रही है। दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह घटना कथित पारिवारिक विवाद से जुड़ी है और इसमें एक भारतीय नागरिक की भी मौत हुई है।
