Apple का सालाना कार्यक्रम आज, फोल्डेबल आईफोन पर टिकी निगाहें
बुधवार को कैलिफोर्निया के क्यूपर्टिनो में होने वाले कंपनी के सालाना प्रोडक्ट ईवेंट में फोल्डेबल आइफोन पेश किए जाने की ...और पढ़ें

Apple का सालाना कार्यक्रम आज, फोल्डेबल आईफोन पर टिकी निगाहें
HighLights
आइफोन 17 प्रो से दोगुनी यानी करीब 2,000 डॉलर हो सकती है कीमत
महंगे फोल्डेबल आइफोन को सब्सक्रिप्शन मॉडल पर देने की भी तैयारी
न्यूयॉर्क टाइम्स, सैन फ्रांसिस्को। आईफोन के 2007 में बाजार में आने के बाद से इसके डिजाइन में कई बदलाव हुए हैं, लेकिन उसका मूल रूप काफी हद तक एक जैसा ही रहा है। अब एपल इसमें ऐसा बदलाव करने की तैयारी में है, जिसका इंतजार टेक्नोलाजी की दुनिया लंबे समय से कर रही है।
बुधवार को कैलिफोर्निया के क्यूपर्टिनो में होने वाले कंपनी के सालाना प्रोडक्ट ईवेंट में फोल्डेबल आइफोन पेश किए जाने की उम्मीद है। मामले से जुड़े सूत्रों के अनुसार, नया फोन बीच से मुड़ सकेगा और किताब की तरह खुल और बंद हो सकेगा।
एपल ने कार्यक्रम में फोल्डेबल आइफोन पेश किए जाने की पुष्टि नहीं की है। हालांकि, ब्लूमबर्ग समेत कई मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि कंपनी इस बार फोल्डेबल फोन पेश कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह एपल के आईफोन कारोबार में एक बड़े डिजाइन बदलाव की शुरुआत होगी।
फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में करीब आठ साल से मौजूद हैं। सैमसंग ने 2019 में गैलेक्सी फोल्ड पेश किया था। इसके बाद मोटोरोला ने 2020 में रेजर और गूगल ने 2023 में पिक्सल फोल्ड के साथ इस बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत की। एपल अब तक इस दौड़ से दूर रही है।
रिपोर्टों के मुताबिक, एपल के फोल्डेबल आईफोन की कीमत करीब 2,000 डॉलर हो सकती है। यह कंपनी के मौजूदा आईफोन 17 प्रो की अमेरिकी कीमत 1,099 डॉलर के मुकाबले लगभग दोगुनी होगी।
महंगी कीमत ऐसे समय में आ रही है, जब स्मार्टफोन बनाने की लागत पर भी दबाव है। दुनियाभर में एआई आधारित कंप्यूटिंग के तेजी से विस्तार के कारण मेमोरी और स्टोरेज चिप की मांग बढ़ी है। इससे इनकी कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। एपल को जून में मैक और आइपैड की कीमतों में बढ़ोतरी करनी पड़ी थी।
महंगे फोल्डेबल आइफोन को ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए एपल सब्सक्रिप्शन या मासिक भुगतान वाले मॉडल का सहारा ले सकती है। इसके तहत ग्राहक एकमुश्त बड़ी रकम देने के बजाय हर महीने भुगतान करके एपल के डिवाइस इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि, कंपनी की ओर से इस योजना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्मार्टफोन बाजार पर नजर रखने वाली काउंटरप्वाइंट रिसर्च के मुताबिक, पिछले साल दुनियाभर में करीब दो करोड़ फोल्डेबल फोन बिके। यह कुल स्मार्टफोन बिक्री का लगभग दो प्रतिशत है।
अनुमान है कि अगले साल एपल करीब 1.2 करोड़ फोल्डेबल आइफोन बाजार में उतार सकती है। यह कुल आइफोन शिपमेंट का करीब पांच प्रतिशत हो सकता है।
