बिजली चोरी पर कसेगा शिकंजा, शुभेंदु सरकार ने लॉन्च किया ‘विद्युत प्रहरी’ एप
पश्चिम बंगाल सरकार ने बिजली चोरी और बकाया बिलों की समस्या से निपटने के लिए 'विद्युत प्रहरी' ऐप लॉन्च किया है। ...और पढ़ें

‘विद्युत प्रहरी’ एप लॉन्च। (X- @BJP4Bengal)
HighLights
बिजली चोरी रोकने के लिए 'विद्युत प्रहरी' ऐप लॉन्च।
बकाया बिलों की वसूली में 'जीरो टॉलरेंस' नीति लागू।
बिजली विभाग की सभी नियुक्तियां अब पीएससी से होंगी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में वर्षों पुरानी हुकिंग और बिजली चोरी की समस्या से निपटने के लिए राज्य सरकार ने तकनीक को अपना प्रमुख हथियार बनाया है।
मंगलवार को साल्टलेक स्थित विद्युत भवन से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ‘विद्युत प्रहरी’ नामक एक विशेष मोबाइल एप का शुभारंभ किया। इस एप के जरिए नागरिक बिजली चोरी से जुड़ी शिकायतें तुरंत दर्ज करा सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कारखानों और व्यावसायिक इमारतों के बकाया बिलों की वसूली में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नेता या राजनीतिक रसूख का हवाला देकर कोई भी बिजली बिल के भुगतान से नहीं बच सकता। हालांकि, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम घरेलू उपभोक्ताओं के मामलों में पुराने रिकॉर्ड को देखकर मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाए।
इसके साथ ही, बिजली विभाग की भर्तियों में पारदर्शिता लाने के लिए बड़ा फैसला लेते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब विभाग की सभी नियुक्तियां पब्लिक सर्विस कमीशन (पीएससी) के माध्यम से की जाएंगी, ताकि किसी मंत्री या राजनेता की सिफारिश पर कोई अवैध भर्ती न हो सके।
'विद्युत प्रहरी' एप एंड्रायड प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। शिकायत दर्ज कराने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। एप पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी ताकि शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा उपभोक्ता सेवा संबंधी अन्य समस्याएं भी दर्ज करा सकते हैं।