बंगाल: भाजपा की मदद करने का आरोप, TMC ने नदिया जिला परिषद के 9 सदस्यों को किया निलंबित
नदिया जिला परिषद में भाजपा को बोर्ड बनाने में मदद करने के आरोप में तृणमूल कांग्रेस ने अपने नौ सदस्यों को निलंबित कर दिया है। ...और पढ़ें

TMC ने नदिया जिला परिषद के 9 सदस्यों को किया निलंबित
HighLights
तृणमूल ने नदिया जिला परिषद के नौ सदस्य निलंबित किए।
भाजपा को बोर्ड बनाने में मदद करने का आरोप।
महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर कार्रवाई की घोषणा की।
राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता: 52 सीटों वाले नदिया जिला परिषद पर कब्जा जमाने में भाजपा की मदद करने के आरोप में तृणमूल कांग्रेस के ममता खेमे ने जिला परिषद के नौ सदस्यों को निलंबित कर दिया है।
इनमें प्रणय घोष चौधरी, अर्चना ब्रह्म, चंपा घोष, रेजिना खातून, तमिजुद्दीन शेख, नजरूल विश्वास, शानन्या घोष, सिराज शेख और मल्लिका चट्टोपाध्याय शामिल हैं।
तृणमूल की कृष्णानगर संगठनात्मक जिला अध्यक्ष व सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पार्टी की कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि आने वाले दिनों में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल और भी लोगों को चिह्नित कर संगठन से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।
मालूम हो कि पिछले सप्ताह नदिया जिला परिषद में भाजपा ने बोर्ड का गठन किया था। जिला परिषद में तृणमूल के सदस्य दो गुटों में बंट गए थे। महुआ की करीबी मानी जाने वालीं तत्कालीन जिला परिषद सभाधिपति सुल्ताना मीर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था।
मतदान में सुल्ताना मीर को 31-0 से हार का सामना करना पड़ा था। अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित सीट पर भाजपा की प्रत्याशी प्रणति निर्विरोध निर्वाचित हुईं।