बंगाल: सिलीगुड़ी में बार डांसर का संदिग्ध शव मिला, पुलिस जांच में जुटी
सिलीगुड़ी के दुर्गा नगर में एक बार डांसर शिवानी का शव फंदे से लटका मिला, जो उसी मकान में तीसरी ...और पढ़ें

सिलीगुड़ी में बार डांसर का शव फंदे से लटका मिला
HighLights
सिलीगुड़ी में बार डांसर शिवानी का शव फंदे से मिला।
उसी मकान में यह तीसरी संदिग्ध मौत की घटना।
पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। एक मकान... उसमें किराए पर रहने वाली युवतियां... और बार-बार फंदे से लटके मिलते शव। बंगाल में सिलीगुड़ी के दुर्गा नगर इलाके में मंगलवार सुबह सामने आई घटना ने शहर के पब-बार में काम करने वाली युवतियों को किराए पर मकान देने वालों की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वार्ड नंबर 40 स्थित एक मकान में पंजाब निवासी 28 वर्षीय बार डांसर शिवानी का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस मकान में शिवानी किराए पर रह रही थी, वहां इससे पहले भी दो युवतियों के शव फंदे से लटके मिल चुके हैं।
वार्ड को-ऑर्डिनेटर जितेंद्र सरीन के अनुसार, यह उसी मकान में फंदे से शव मिलने की तीसरी घटना है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर एक ही मकान में बार-बार ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं?
पुलिस के अनुसार शिवानी करीब एक वर्ष से अर्जुन साव के मकान में किराए पर रह रही थी। बताया जा रहा है कि मकान में बार डांसरओं के अलावा कोई अन्य किरायेदार नहीं रहता है। ऐसे में मकान में रहने वाली युवतियों की सुरक्षा, उनके रहन-सहन और वहां आने-जाने वाले लोगों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार रात कुछ लोग मकान में पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि शिवानी के साथ उनका विवाद हुआ था। इसके बाद मंगलवार सुबह उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पुलिस ने मकान में मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अब उन लोगों का पता लगाने में जुटी है, जो सोमवार रात मकान में पहुंचे थे। उनके सामने आने के बाद विवाद की वजह और शिवानी की मौत के बीच किसी संभावित संबंध का पता लगाने की कोशिश होगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विवाद किस बात को लेकर हुआ था और घटना से पहले युवती के संपर्क में कौन-कौन लोग थे।
जून में भी हुई थी एक बार डांसर की मौत
यह घटना जून में हुई एक अन्य मौत की याद भी ताजा कर रही है। बीते 14 जून की देर शाम सेवक रोड से सटे इलाके की एक बहुमंजिला इमारत में हरियाणा निवासी 28 वर्षीय बार डांसर सारिका राजपूत का शव भी फंदे से लटका मिला था। वह करीब दो वर्षों से वहां किराए पर रह रही थी। अगले दिन उसकी बहन ने संबंधित बार के मालिक और मैनेजर पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने शहर के पब-बार में काम करने वाली युवतियों को किराए पर मकान उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या मकान मालिक किरायेदारों का सत्यापन करते हैं? क्या पुलिस के पास ऐसे मकानों का पूरा रिकार्ड है? क्या बार संचालक अपने यहां काम करने वाली युवतियों के रहने की व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर कोई जिम्मेदारी लेते हैं? इन सवालों के जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएंगे।
फिलहाल शिवानी की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
