बंगाल: मुर्शिदाबाद में जुए के अड्डे पर छापा मारने पहुंची पुलिस पर बम से हमला, ASI घायल
मुर्शिदाबाद के खांड़ेड़ा गांव में जुए के अड्डे पर छापा मारने गई पुलिस टीम पर बम से हमला हुआ। इस ...और पढ़ें

मुर्शिदाबाद में पुलिस टीम पर बम से हमला।
HighLights
मुर्शिदाबाद के खांड़ेड़ा गांव में जुए के अड्डे पर छापा।
पुलिस टीम पर बम से हमला, एएसआई सादेक अली घायल।
घायल एएसआई को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मुर्शिदाबाद के सालार थाना क्षेत्र के खांड़ेड़ा गांव में रविवार रात जुए के अड्डे पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर बम से हमला किया गया। बम के हमले में एक पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बहरमपुर स्थित मुर्शिदाबाद मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, खांड़ेड़ा गांव में जुए का अड्डा चलने की सूचना पर पुलिस टीम ने रात में छापेमारी की थी। आरोप है कि पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कुछ लोग भागने लगे और पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर लगातार बम फेंकने लगे। इसी दौरान बम की चपेट में आकर एएसआइ (सहायक उप निरीक्षक) सादेक अली घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
आरोपितों की तलाश में अभियान
घटना की सूचना मिलते ही मुर्शिदाबाद पुलिस जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपितों की तलाश शुरू की। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। हमले में और कौन लोग शामिल थे, इसकी जांच की जा रही है। सोमवार सुबह भी किसी नए घटनाक्रम को रोकने के लिए गांव में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे।
