हत्या समेत 125 मामलों में वांछित बिहार का कुख्यात अपराधी नंदीग्राम से गिरफ्तार
बिहार के कुख्यात अपराधी वसीम अकरम उर्फ लंबू को दिल्ली पुलिस ने पूर्व मेदिनीपुर के नंदीग्राम से गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

बिहार का कुख्यात अपराधी वसीम अकरम उर्फ लंबू गिरफ्तार
HighLights
बिहार का कुख्यात अपराधी वसीम अकरम उर्फ लंबू गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने नंदीग्राम से 125 मामलों के वांछित को पकड़ा
हत्या समेत 35 गंभीर मामलों में उसकी संलिप्तता थी
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बिहार के कुख्यात अपराधी वसीम अकरम उर्फ लंबू को दिल्ली पुलिस ने पूर्व मेदिनीपुर के नंदीग्राम से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पिछले आठ वर्षों में उसके खिलाफ 125 आपराधिक मामले दर्ज हुए हैं।
इनमें हत्या समेत 35 गंभीर मामले शामिल हैं। दिल्ली में इन मामलों में उसकी संलिप्तता बताई गई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने नंदीग्राम थाने की पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की।
बिहार के दरभंगा का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के मुताबिक, वसीम मूल रूप से बिहार के दरभंगा का रहने वाला है और बाद में दिल्ली के जहांगीरपुरी में रहने लगा था। दिल्ली में उसके खिलाफ कई आपराधिक मामलों के बाद वह लंबे समय से फरार था।
हाल में उसकी लोकेशन नंदीग्राम में मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की विशेष टीम वहां पहुंची और स्थानीय पुलिस से संपर्क किया। पुलिस के अनुसार, वसीम ने नंदीग्राम की एक महिला से शादी की थी और इसी वजह से वह अपने ससुराल में रह रहा था। चौरंगी इलाके में कार्रवाई कर उसे पकड़ा गया।
हल्दिया अदालत में पेशी, दिल्ली ले जाने की तैयारी
गिरफ्तारी के बाद आरोपित को हल्दिया अदालत में पेश किया गया। दिल्ली पुलिस ने उसे रिमांड पर दिल्ली ले जाने के लिए अदालत में आवेदन किया है। पुलिस अब उसके खिलाफ दर्ज मामलों और फरारी के दौरान उसकी गतिविधियों की भी जांच कर रही है।