मुर्शिदाबाद के अवैध मदरसे में दो मासूमों से यौन उत्पीड़न, संचालक दंपती गिरफ्तार
मुर्शिदाबाद के जलंगी थाना क्षेत्र में एक अवैध मदरसे में दो नाबालिग छात्रों के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने ...और पढ़ें
-1791468072008_m.webp)
अवैध मदरसे में दो मासूमों से यौन उत्पीड़न (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
मुर्शिदाबाद के अवैध मदरसे में दो नाबालिगों से यौन उत्पीड़न।
पांच नाबालिग छात्र हिरासत में, मदरसा संचालक दंपती गिरफ्तार।
घटना के बाद अवैध मदरसे को बंद करने की मांग उठी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बांग्लादेश की सीमा से सटे बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के जलंगी थाना क्षेत्र में स्थित एक खारिजी (अवैध) मदरसे में दो नाबालिग छात्रों के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोप मदरसे में पढ़ने वाले पांच नाबालिग छात्रों पर लगा है।
पुलिस ने घटना के सिलसिले में पांचों आरोपित छात्रों को हिरासत में लेकर होम में भेज दिया है, जिसमें मदरसा संचालक दंपती के दो नाबालिग बेटे भी शामिल हैं।
वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद भी आवश्यक कदम नहीं उठाने के आरोप में मदरसा संचालक और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सागरपाड़ा थाना क्षेत्र का करीब 10 वर्षीय एक छात्र लगभग एक महीने पहले मदरसे में दाखिला लिया था। आरोप है कि वहां संचालक दंपती के दो नाबालिग बेटों समेत पांच छात्रों ने उसके साथ कई दिनों तक यौन उत्पीड़न किया।
पीड़ित छात्र को घटना के बारे में किसी को बताने पर डराने-धमकाने और मारपीट करने का भी आरोप है। हाल में छात्र ने अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद एक स्वयंसेवी संस्था की कार्यकर्ता की मदद से छात्र की मां मंगलवार को मदरसे पहुंचीं और संचालक को घटना की जानकारी दी।
आरोप है कि वहां उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। इसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने जांच शुरू की तो एक अन्य नाबालिग छात्र के साथ भी लंबे समय से इसी तरह के उत्पीड़न का आरोप सामने आया।
पुलिस के अनुसार, दोनों छात्रों के साथ कथित उत्पीड़न की जानकारी होने के बावजूद आवश्यक कदम नहीं उठाने के आरोप में मदरसा संचालक और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया गया है।
घटना के बाद मदरसे को बंद करने की उठी मांग
घटना के बाद उक्त मदरसे को बंद करने की मांग उठी है। जलंगी के स्थानीय तृणमूल कांग्रेस विधायक बाबर अली ने घटना की निंदा करते हुए आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जिला इमाम संगठन के अध्यक्ष मौलाना मुजफ्फर खान ने भी कहा कि आरोप गंभीर हैं और पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने एक घटना के आधार पर सभी खारिजी मदरसों को बंद करने की मांग का समर्थन नहीं किया। भाजपा नेता नबकुमार सरकार ने भी घटना की निंदा करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
