विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 23, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Kolkata: ममता ने मिजोरम में पुल टूटने से बंगाल के श्रमिकों की मौत पर जताया शोक, मदद करने का दिया निर्देश

By Jagran NewsEdited By: Shashank Mishra
Updated: Wed, 23 Aug 2023 08:18 PM (IST)

ममता बनर्जी ने मिजोरम में निर्माणाधीन रेलवे पुल के टूटने से बंगाल के मालदा जिले के श्रमिकों की मौत की घटना पर शोक जताया है। बता दें इस हादसे में मालदा ...और पढ़ें

मालदा के कम से कम 24 श्रमिकों की मौत।
मालदा के कम से कम 24 श्रमिकों की मौत।

कोलकाता, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मिजोरम में निर्माणाधीन रेलवे पुल के टूटने से बंगाल के मालदा जिले के श्रमिकों की मौत की घटना पर शोक जताया है। बंगाल सरकार की ओर से विज्ञप्ति जारी कर कहा गया कि जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक मालदा के कम से कम 24 श्रमिकों की मौत हुई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य के मुख्य सचिव आपातकालीन आधार पर मिजोरम प्रशासन के साथ उद्धार व बचाव कार्यों में सहयोग के लिए समन्वय स्थापित कर रहे हैं।

इसके अलावा मालदा के जिला शासक को मृतकों के परिवारों की सभी तरह से मदद करने का निर्देश दिया गया है। हादसे में मारे गए लोगों के शव उनके परिवार को सौंपने के लिए बंगाल सरकार की तरफ से सभी तरह का प्रयास किया जा रहा है। मृतकों के परिवारों को पर्याप्त मुआवजा देने की भी व्यवस्था की जा रही है।

रेल पुल गिरने से मालदा के 17 श्रमिकों की मौत, कई लापता

मिजोरम में निर्माणाधीन रेल पुल गिरने से मालदा के कई मजदूरों की मौत हो गयी है। जिला प्रशासन के मुताबिक हादसे में कम से कम 17 मजदूरों की मौत हुई है। कई मजदूर अब भी लापता हैं। प्रशासन का कहना ​​है कि निर्माणाधीन पुल के नीचे अब भी मजदूरों के शव दबे हुए हैं।

मृत मजदूर मालदा के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। बुधवार सुबह करीब 10 बजे के करीब आइजोल में यह हादसा हुआ। दोपहर 12 बजे यह दुखद समाचार मृतक के परिजनों तक पहुंची। इसके बाद ही मालदा जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों और मजदूरों से संपर्क साधने की कोशिश शुरू कर दी है। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया है।

मालदा के जिलाधिकारी नितिन सिंघानिया ने कहा है कि मरने वालों की संख्या 17 है। हादसे में कितने मजदूर घायल हुए हैं, इसके बारे में अभी कुछ भी स्पष्ट रूप से कहना संभव नहीं है।

मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। शवों को मालदा लाने की व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रशासन हर संभव मदद कर रहा है। जिला प्रशासन मिजोरम प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं।