बंगाल: न्यू मार्केट अग्निकांड के बाद कोलकाता में बड़ा एक्शन, अग्निशमन नियम तोड़ने वाले 919 होटल-गेस्ट हाउस के लाइसेंस रद
न्यू मार्केट के शिखा इन होटल अग्निकांड के बाद राज्य प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कोलकाता के 919 होटल-गेस्ट ...और पढ़ें

अग्निशमन नियमों का उल्लंघन करने वाले 919 होटल-गेस्ट हाउस के लाइसेंस रद
HighLights
शिखा इन होटल अग्निकांड के बाद प्रशासन की बड़ी कार्रवाई।
कोलकाता के 919 होटल-गेस्ट हाउस के लाइसेंस रद।
अग्निशमन नियमों का उल्लंघन करने पर लिया गया फैसला।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। न्यू मार्केट इलाके के ‘शिखा इन’ होटल में भीषण अग्निकांड के बाद राज्य प्रशासन ने अग्निशमन नियमों का उल्लंघन करने वाले होटल-गेस्ट हाउसों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
विशेषज्ञ समिति की जांच रिपोर्ट के आधार पर कोलकाता के 919 होटल-गेस्ट हाउस के लाइसेंस रद कर दिए गए हैं। वहां अग्निशमन नियमों का अनुपालन नहीं किया जा रहा था। राज्य प्रशासन ने फिलहाल उन्हें बंद रखने का निर्देश दिया है।
न्यू मार्केट होटल अग्निकांड के बाद महानगर के होटल-गेस्ट हाउसों में अग्निशमन व्यवस्था की जांच के लिए विशेषज्ञ समिति गठित की गई थी। समिति ने शहर के 16 बोरो इलाकों में स्थित कुल 962 होटल-गेस्ट हाउसों का निरीक्षण किया।
जांच के बाद समिति ने अपनी रिपोर्ट राज्य सचिवालय को सौंप थी। रिपोर्ट में 919 होटल-गेस्ट हाउसों में अग्निशमन नियमों के उल्लंघन की बात कही गई।
इस रिपोर्ट के आधार पर राज्य प्रशासन ने उनके लाइसेंस रद करने का फैसला किया। मालूम हो कि पिछले महीने न्यू मार्केट इलाके के मिर्जा गालिब रोड स्थित शिखा इन होटल में लगी आग में नौ लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें आठ बांग्लादेशी नागरिक शामिल थे।
अधिकांश मौतें दम घुटने के कारण हुई थीं। हादसे में छह लोग घायल हुए थे।
