कल्याण बनर्जी को पुराने हमले के मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट से मिली बड़ी राहत, गिरफ्तारी पर रोक
कलकत्ता हाई कोर्ट ने तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी को पूर्व दामाद कबीर शंकर बोस द्वारा दर्ज पुराने हमले के मामले में गिरफ्तारी से मौखिक राहत दी है।

कलकत्ता हाई कोर्ट से कल्याण बनर्जी को मिली राहत मिली
HighLights
कल्याण बनर्जी को हाई कोर्ट से गिरफ्तारी पर मिली रोक।
पूर्व दामाद कबीर शंकर बोस ने दर्ज कराया था मामला।
अन्य आरोपी तृणमूल नेताओं को नहीं मिला संरक्षण।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। पूर्व दामाद तथा भाजपा नेता कबीर शंकर बोस की ओर से दर्ज पुराने हमले के मामले में श्रीरामपुर के तृणमूल कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कल्याण बनर्जी को मंगलवार को कलकत्ता हाई कोर्ट से राहत मिली।
गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया था।
न्यायमूर्ति तीर्थंकर घोष की पीठ ने मामले की सुनवाई के बाद उन्हें मौखिक रक्षाकवच दिया। इसके तहत मामले के निपटारे तक पुलिस कल्याण बनर्जी के खिलाफ गिरफ्तारी जैसी कोई कठोर कार्रवाई नहीं कर सकेगी।
अदालत ने मामले में आरोपित अन्य तृणमूल नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को ऐसा कोई संरक्षण नहीं दिया। न्यायमूर्ति तीर्थंकर घोष ने अगली सुनवाई गुरुवार शाम चार बजे तय की है। मामला छह दिसंबर 2020 की उस घटना से जुड़ा है, जब आरोप के अनुसार कल्याण बनर्जी के नेतृत्व में करीब 200 तृणमूल कार्यकर्ता श्रीरामपुर स्थित कबीर शंकर बोस के घर पहुंचे थे।
भाजपा नेता का आरोप था कि घर में तोड़फोड़ की गई, उनकी गाड़ी को नुकसान पहुंचाया गया और उन्हें देर रात तक घेरकर रखा गया।
घटना के बाद कबीर शंकर बोस ने पुलिस में शिकायत की थी। उनका आरोप था कि तत्कालीन पुलिस ने उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उनके खिलाफ ही जांच शुरू कर दी। बाद में मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा और उसके निर्देश पर जांच सीबीआइ को सौंपी गई। जांच के बाद कबीर शंकर बोस को क्लीनचिट दी गई।
राजनीतिक परिस्थितियां बदलने के बाद कबीर शंकर बोस ने पुराने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए श्रीरामपुर थाने में फिर शिकायत दर्ज कराई। इसमें कल्याण बनर्जी के साथ हुगली संगठनात्मक जिला तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष ऋतब्रत बनर्जी उर्फ पप्पू सिंह, रिसड़ा नगरपालिका के चेयरमैन विजय सागर मिश्रा और उपाध्यक्ष जाहिद हसन खान समेत कई नेताओं के नाम हैं।
पुलिस ने जांच के दौरान आकाश पात्र नामक एक तृणमूल कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया है। कल्याण बनर्जी और कबीर शंकर बोस के बीच राजनीतिक रिश्ते के साथ पारिवारिक संबंध भी रहे हैं।
कबीर शंकर बोस उनके पूर्व दामाद हैं और श्रीरामपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के तौर पर तृणमूल के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं।
