बंगाल में जैश का संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, CM शुभेंदु की गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज बरामद
पश्चिम बंगाल के बर्धमान में एसटीएफ और पुलिस ने जैश-ए-मुहम्मद के संदिग्ध आतंकी मोहम्मद हामिद को गिरफ्तार किया है। उसके पास से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिका ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री शुभेंदु पर हमले की साजिश (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, बर्धमान। पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जैश-ए-मुहम्मद से कथित रूप से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी मोहम्मद हामिद को गिरफ्तार किया गया है।
जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी के पास से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की गतिविधियों, वीआइपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर मुख्यमंत्री पर संभावित हमले की साजिश की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने की रिमांड की मांग
पुलिस के अनुसार, बर्धमान के रेनेसां हाउसिंग परिसर में शुक्रवार सुबह छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा गया। उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसके संपर्क में और कौन लोग थे तथा क्या उसका संबंध किसी बड़े आतंकी नेटवर्क या मॉड्यूल से है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी हावड़ा के पीलखाना क्षेत्र में कपड़ा कारखाने में काम करता था और करीब दो महीने पहले बर्धमान आकर किराये के मकान में रहने लगा था।
खुफिया सूत्रों के अनुसार, वह पाकिस्तान में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुका था और कथित तौर पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ के संपर्क में था। उसका संबंध जैश-ए-मुहम्मद से जुड़े सज्जाद भट समूह से होने की भी जांच की जा रही है।
मोहल्ले के लोगों से नहीं था मेलजोल
स्थानीय लोगों के अनुसार, हामिद अपने परिवार के साथ रहता था और मोहल्ले में उसकी ज्यादा आवाजाही या मेलजोल नहीं था। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एसटीएफ और पश्चिम बंगाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही हैं।
खबरें और भी
अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद इस मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। हालांकि, अब तक जांच एजेंसियों की ओर से मुख्यमंत्री की हत्या की साजिश संबंधी दावों की विस्तृत आधिकारिक पुष्टि सार्वजनिक रूप से नहीं की गई है।
एजेंसियों से बचने के लिए किराए के फ्लेट में रह रहा था हामिद
STF ने गुरुवार देर रात बर्दवान शहर के एक हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में किराए के मकान से हामिद मंडल को गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हामिद कानून प्रवर्तन एजेंसियों की नजर से बचने के लिए पिछले दो-तीन महीनों से उस फ्लैट में रह रहा था।
पुलिस ने कहा कि मंडल के पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने का संदेह है और माना जाता है कि वह सज्जाद भट का करीबी सहयोगी है, जिस पर 2019 के पुलवामा आतंकी हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक होने का आरोप है।
TMC के दौरान कट्टरपंथी इस्लामी समूहों का रहा सुरक्षित ठिकाना
बीजेपी प्रवक्ता देबजीत ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल दशकों से वाम मोर्चा के 34 साल के शासन और TMC सरकार के 15 साल के शासन के दौरान कट्टरपंथी इस्लामी समूहों के लिए एक सुरक्षित गलियारा रहा है। लेकिन उन्होंने दावा किया कि "राज्य की विचारधारा में बदलाव" के कारण अब उग्रवादी बंगाल को सुरक्षित ठिकाना नहीं मानते हैं।
उन्होंने कहा कि कट्टरपंथी समूह अब उन राजनीतिक नेताओं के खिलाफ जवाबी हमले करने की कोशिश कर रहे हैं जिन्होंने चरमपंथी गतिविधियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है।