'उनकी शानदार विरासत हमेशा हमारे दिलों में बसी रहेगी,' नाना पाटेकर के निधन पर बोले CM शुभेंदु
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नाना पाटेकर के निधन पर जताया शोक (फाइल फोटो)
HighLights
CM शुभेंदु अधिकारी ने नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताया।
भारतीय सिनेमा ने अपनी एक दमदार आवाज खो दी है।
पाटेकर की सादगी और सामाजिक कार्य उनकी महानता दर्शाते थे।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर गहरा शोक जताया और कहा कि भारतीय सिनेमा ने अपनी सबसे दमदार, सच्ची और बेमिसाल आवाजों में से एक को खो दिया है।
‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा कि पाटेकर के अचानक निधन की खबर सुनकर वह बेहद स्तब्ध और दुखी हैं। शुभेंदु ने कहा कि नाना ने सिर्फ किरदार नहीं निभाए बल्कि उन्होंने हर किरदार को जीवंत कर दिया जिसमें सच्चाई झलकती थी।
‘परिंदा’, ‘क्रांतिवीर’, ‘प्रहार’ और ‘अब तक छप्पन’ जैसी फिल्मों में अभिनेता के अभिनय कौशल को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पाटेकर की कला ने ऐसा मानदंड स्थापित किया, जिसे हासिल करने की उम्मीद बहुत कम लोग कर सकते हैं।
शुभेंदु ने कहा कि रुपहले पर्दे से परे, उनकी सादगी, विनम्र स्वभाव और सामाजिक कार्यों व ग्रामीण समुदायों के प्रति निस्वार्थ समर्पण उनकी सच्ची महानता को दर्शाता था।
उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर, आपकी आत्मा को शांति मिले। आपकी आवाज, आपका जोशीला अंदाज और आपकी शानदार विरासत हमेशा हमारे दिलों में बसी रहेगी। मुख्यमंत्री ने पाटेकर के परिवार, दोस्तों और दुनिया भर में उनके लाखों चाहने वालों के प्रति ‘‘गहरी संवेदना’’ व्यक्त की।
अपनी बहुमुखी प्रतिभा और दमदार अभिनय के लिए मशहूर पाटेकर का गुरुवार तड़के गोवा स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 76 वर्ष के थे।
