बंगाल: भाजपा विधायक पर मकान-जमीन पर कब्जे का आरोप, पार्टी समर्थक ने मुख्यमंत्री के जनता दरबार में की शिकायत
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के जनता दरबार में भाजपा विधायक रेखा पात्र पर जमीन और मकान पर कब्जा करने का आरोप लगा। ...और पढ़ें

भाजपा विधायक रेखा पात्र पर लगा जमीन हड़पने का आरोप
HighLights
भाजपा विधायक रेखा पात्र पर जमीन-मकान कब्जाने का आरोप।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के जनता दरबार में शिकायत दर्ज।
अन्य संपत्ति विवादों की भी शिकायतें सामने आईं।
राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता : बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साप्ताहिक जनता दरबार में सोमवार को जमीन, मकान, फ्लैट और दुकान से जुड़े विवादों को लेकर कई लोग शिकायत लेकर पहुंचे। कोलकाता के साल्टलेक स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में पहुंचे एक शख्स ने उत्तर 24 परगना जिले के हिंगलगंज से भाजपा विधायक व संदेशखाली आंदोलन की चेहरा रहीं रेखा पात्र पर जमीन और मकान पर कब्जा किए रखने का आरोप लगाया।
खुद को भाजपा समर्थक बताने वाले हिंगलगंज के लेबुखाली निवासी शिकायतकर्ता केशवानंद महाराज ने मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग करते हुए मदद की गुहार लगाई। केशवानंद के अनुसार, विधानसभा चुनाव से पहले प्रचार और चुनाव संबंधी काम के लिए रेखा पात्र ने उनके तीन मंजिला मकान ‘केशवानंद पैलेस’ के 12 कमरे किराए पर लिए थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि शुरुआत के दो महीनों का किराया देने के बाद पिछले करीब तीन महीनों से कोई किराया नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि मकान को एक करोड़ 25 लाख रुपये में खरीदने की बात हुई थी, लेकिन अब तक न तो मकान खरीदा गया और न ही किराए का भुगतान किया जा रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर समाधान कराने की मांग की। उनके अनुसार, करीब चार बीघा जमीन पर बने मकान को चुनाव से लगभग डेढ़ महीने पहले मार्च से इस्तेमाल किया जा रहा था। केंद्रीय बलों के जवान भी उस दौरान इसी परिसर में ठहरे थे।
खबरें और भी
उनका दावा है कि उन्होंने भाजपा समर्थक होने के कारण रेखा पात्र को मकान उपलब्ध कराया था। मुख्यमंत्री ने मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। हालांकि रेखा पात्र की ओर से इस शिकायत पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
बंद रंगना थिएटर के मालिक भी पहुंचे मुख्यमंत्री के दरबार
उत्तर कोलकाता के हातिबागान में 23 वर्षों से बंद ऐतिहासिक रंगना थिएटर पर कब्जे का मामला भी जनता दरबार में उठा। मुख्यमंत्री से न्याय की मांग को लेकर पहुंचे थिएटर के मालिक ने शिकायत की कि कुछ प्रमोटरों ने तृणमूल कांग्रेस शासन के दौरान 2023 में थिएटर परिसर पर कब्जा कर लिया और वहां मौजूद मंचीय सामान व अन्य उपकरण हटा दिए गए हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्हें अब थिएटर परिसर में प्रवेश करने में भी परेशानी हो रही है। शिकायतकर्ता ने बताया कि मामले को लेकर पहले ही न्यायालय का दरवाजा खटखटाया गया है। हालांकि, पुलिस और प्रशासन से पहले की गई शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण अब उन्होंने मुख्यमंत्री से सीधे हस्तक्षेप की मांग की। मुख्यमंत्री ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया।
जमीन और संपत्ति विवादों की शिकायत लेकर जनता दरबार में कई लोग पहुंचे। हावड़ा के शिवपुर के चटर्जीहाट इलाके की रहने वाली जयंती धारा ने आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर पूर्व आइपीएस अधिकारी हुमायूं कबीर ने जबरन कब्जा कर रखा है। उनका कहना है कि कई जगह शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं हुआ।
लेक टाउन की 60 वर्ष से अधिक उम्र की निजी शिक्षिका तनुश्री दास ने आरोप लगाया कि उन्होंने 2017 में पांच लाख रुपये देकर एक फ्लैट बुक किया था, लेकिन अब तक फ्लैट नहीं मिला। उनका दावा है कि पुलिस से शिकायत करने की कोशिश के बावजूद उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई।
मालदा की सुचित्रा सरकार ने तृणमूल कांग्रेस से जुड़े अपूर्व मंडल पर जमीन और मकान पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कब्जे के कारण उन्हें किराए के मकान में रहना पड़ रहा है। जनता दरबार में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की बातें ध्यान से सुनीं। उन्होंने सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।