बंगाल:विधानसभा की वेबसाइट पर बदली धार्मिक तस्वीर, कृष्ण की जगह दिखा रामकृष्ण का संदेश
बंगाल विधानसभा की वेबसाइट पर पहले श्रीकृष्ण की तस्वीर और क्रोध पर संदेश दिखा, जिसे बाद में रामकृष्ण परमहंस के संदेश से बदल दिया गया। ...और पढ़ें

बंगाल विधानसभा वेबसाइट पर धार्मिक संदेशों में बदलाव
HighLights
विधानसभा वेबसाइट पर पहले श्रीकृष्ण की तस्वीर और संदेश दिखा।
बाद में श्रीकृष्ण की जगह श्रीरामकृष्ण परमहंस का संदेश आया।
इस बदलाव पर राजनीतिक बहस छिड़ी, विधायक और मंत्री की प्रतिक्रिया।
राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता: बंगाल विधानसभा की वेबसाइट को लेकर सोमवार को राजनीतिक चर्चा तेज हो गई। वेबसाइट के होम पेज पर पहले श्रीकृष्ण की तस्वीर के साथ उनके कथित संदेश प्रदर्शित किए गए, जिसमें क्रोध को मनुष्य की कमजोरियों में से एक बताते हुए उसके नुकसान की चर्चा थी।
कुछ देर बाद वेबसाइट पर तस्वीर और संदेश बदल गए और वहां श्रीरामकृष्ण के संदेश दिखाई देने लगे।
विधानसभा की वेबसाइट खोलने पर होम पेज पर विधानसभा भवन की तस्वीर के नीचे एक ओर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और दूसरी ओर विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस की तस्वीर थी।
इनके दाहिनी ओर श्रीकृष्ण की तस्वीर के साथ एक संदेश प्रदर्शित किया गया था। संदेश में कहा गया था कि क्रोध मनुष्य की कमजोरियों में से एक है और उसे अच्छे गुणों से दूर ले जाता है। साथ ही यह भी कहा गया था कि क्रोध जीवन के महत्वपूर्ण पहलुओं को लेकर मनुष्य को और भ्रमित करता है।
कुछ समय बाद वेबसाइट में बदलाव किया गया और श्रीकृष्ण की तस्वीर के स्थान पर श्रीरामकृष्ण परमहंस की तस्वीर तथा उनका संदेश प्रदर्शित होने लगा।
कुणाल ने उठाया सवाल, मंत्री ने किया समर्थन
वेबसाइट पर श्रीकृष्ण की तस्वीर और संदेश को लेकर तृणमूल विधायक कुणाल घोष ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण हमारे हृदय में हैं। लेकिन सरकारी जगह और विधानसभा में किसी विशेष धर्म के आराध्य को इस तरह रखा जा सकता है या नहीं, यह सवाल है।
वहीं, उद्योग मंत्री तापस राय ने श्रीकृष्ण के संदेश को उचित ठहराते हुए कहा कि श्रीकृष्ण भगवान हैं और उनके बताए रास्ते को लोग जीवन में अपनाने का प्रयास करते हैं।