विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में 'बाबरी मस्जिद' की नींव रखने वाले हुमायूं कबीर ने लिया राजनीति से संन्यास, फूट-फूट कर रोए

Published: Wed, 07 Oct 2026 05:42 PM (IST)Updated: Wed, 07 Oct 2026 08:13 PM (IST)

हुमायूं कबीर ने रोते हुए कहा कि वह स्वेच्छा से राजनीति से संन्यास ले रहे हैं। जिस लोकतांत्रिक व्यवस्था में ...और पढ़ें

हुमायूं कबीर ने राजनीति से लिया संन्यास।

हुमायूं कबीर ने राजनीति से लिया संन्यास।

HighLights

  1. हुमायूं कबीर ने राजनीति से संन्यास का किया एलान

  2. उन्होंने रेजीनगर उपचुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली का आरोप लगाया।

  3. मतदान के दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया, बाद में रिहा किया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव के नतीजे आने से पहले ही आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर ने बुधवार को राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा कर दी।

उन्होंने कहा कि भाजपा यहां भारी मतों से जीतेगी, लेकिन इसे जनादेश नहीं माना जा सकता। भाजपा ने प्रशासन का इस्तेमाल कर वोटों की चोरी की है।

हुमायूं कबीर ने राजनीति से लिया संन्यास

हुमायूं ने रोते हुए कहा कि वह स्वेच्छा से राजनीति से संन्यास ले रहे हैं। जिस लोकतांत्रिक व्यवस्था में सत्ता के खिलाफ लड़ना संभव न हो, वहां राजनीति करने का कोई अर्थ नहीं है। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र नउदा की जनता से अपने फैसले के लिए माफी मांगी।

शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद पर रहेंगे मैं विधानसभा नहीं जाऊंगा- हुमायूं

हुमायूं ने कहा कि नउदा की जनता ने उन्हें चुनकर विधानसभा भेजा है, इसलिए क्षेत्र के लोगों के हित में सभी जरूरी सेवाएं और विकास कार्य जारी रखने की कोशिश करेंगे, लेकिन जब तक शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद पर रहेंगे, वह विधानसभा नहीं जाएंगे और सदन की किसी कार्यवाही में हिस्सा नहीं लेंगे।

मालूम हो कि गत मंगलवार को मतदान के दिन हुमायूं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। उनपर पुलिस के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी करने और मतदाताओं को उकसाने तथा प्रभावित करने का आरोप लगा था। करीब 12 घंटे बाद उन्हें छोड़ा गया।

हुमायूं ने सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री ने उनसे बातचीत के दौरान रेजीनगर में उनके बेटे की कम से कम 30 हजार वोटों से जीत का भरोसा दिया था। मुख्यमंत्री ने अपना वादा पूरा नहीं किया। मालूम हो कि रेजीनगर सीट हुमायूं के छोड़ने के कारण रिक्त हुई है।