विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: महिला के पेट से लेप्रोस्कोपिक सर्जरी के जरिए निकाला गया 19 सेमी का ट्यूमर, लगभग 2 घंटे चला ऑपरेशन

Published: Wed, 26 Aug 2026 10:13 PM (IST)

एम्स कल्याणी के डॉक्टरों ने 45 वर्षीय महिला के पेट से 19x17 सेंटीमीटर का विशाल एड्रिनल ट्यूमर लेप्रोस्कोपिक विधि से सफलतापूर्वक निकाला।

महिला के पेट से निकाला 19 सेमी का एड्रिनल ट्यूमर

महिला के पेट से निकाला 19 सेमी का एड्रिनल ट्यूमर

HighLights

  1. एम्स कल्याणी ने 19 सेमी का विशाल ट्यूमर निकाला।

  2. लेप्रोस्कोपिक विधि से सबसे बड़ा एड्रिनल ट्यूमर हटा।

  3. 45 वर्षीय महिला अब स्थिर और स्वस्थ है।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के नदिया जिले में स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) कल्याणी के चिकित्सकों ने 45 वर्षीय एक महिला के पेट से 19 गुणा 17 सेंटीमीटर का विशाल व दुर्लभ एड्रिनल ट्यूमर सफलतापूर्वक निकालकर चिकित्सा क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

संस्थान के अनुसार, यह अब तक दर्ज चिकित्सा इतिहास में लेप्रोस्कोपिक विधि से निकाला गया सबसे बड़ा एड्रिनल ट्यूमर है।

इससे पहले इस तरह की न्यूनतम चीरा वाली सर्जरी से 18 सेंटीमीटर तक के ट्यूमर निकाले जाने का रिकार्ड दर्ज है।

एम्स कल्याणी की ओर से बुधवार को एक बयान में बताया गया कि करीब एक घंटे 50 मिनट चली इस जटिल सर्जरी में 100 मिलीलीटर से भी कम रक्तस्राव हुआ। मरीज की हालत फिलहाल स्थिर है।

24 अगस्त को की गई इस जटिल सर्जरी में दाहिनी ओर की एड्रिनल ग्रंथि को ट्यूमर समेत निकाल दिया गया।

महिला पेट में भारीपन की शिकायत लेकर पिछले दिनों एम्स कल्याणी की बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में पहुंची थीं। एंडोक्राइनोलाजी विभाग के डा. अयन राय की देखरेख में जांच की गई।

पेट की सीटी स्कैन जांच में दाहिनी एड्रिनल ग्रंथि में मायलोलिपोमा का पता चला। यह एड्रिनल ग्रंथि में होने वाला अत्यंत दुर्लभ ट्यूमर है। आमतौर पर इसमें कोई विशेष लक्षण नहीं दिखाई देता है।

विस्तृत चिकित्सकीय और प्रयोगशाला जांच के बाद चिकित्सकों ने पाया कि ट्यूमर हार्मोन का निर्माण नहीं कर रहा था। हालांकि, इसका आकार बहुत बड़ा होने के कारण इसे एड्रिनल ग्रंथि के साथ निकालने का फैसला किया गया।

इसके बाद यूरोलाजी विभाग की टीम ने डॉ. निर्मल्य घोष के नेतृत्व में सर्जरी के जरिए विशाल ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाल दिया।