उत्तरकाशी बनेगा नवाचार और सूचना प्रौद्योगिकी का केंद्र, 'दक्ष उत्तरकाशी' योजना की शुरुआत
उत्तरकाशी जिला प्रशासन 'दक्ष उत्तरकाशी' योजना के तहत नवाचार और सूचना प्रौद्योगिकी में जिले को दक्ष बनाने की पहल कर रहा है। ...और पढ़ें

HighLights
'दक्ष उत्तरकाशी' योजना से जिले में आईटी विकास
संकल्प संवाद पोर्टल से नागरिक समस्याओं का समाधान
एआई प्रशिक्षण, चारधाम यात्रा में तकनीकी उपयोग पर जोर
अजय कुमार, जागरण उत्तरकाशी। जिला प्रशासन की कवायद रंग लाई तो सीमांत जनपद उत्तरकाशी नवाचार व सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में दक्ष बनेगा।
इसके लिए ''दक्ष उत्तरकाशी'' योजना के तहत एक प्रकार का नवाचारी सूचना प्रौद्योगिकी पारितंत्र विकसित किया जा रहा है, जिसकी पहली कड़ी में संकल्प संवाद पोर्टल जारी किया जा चुका है।
इस पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ही आम नागरिक अपनी समस्याएं व शिकायतें सीधे वीडियो काल के माध्यम से जिलाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं। अब तक इस पोर्टल के माध्यम से 40 से अधिक शिकायत व समस्याएं दर्ज की जा चुकी हैं। भविष्य में दक्ष उत्तरकाशी के तहत नवाचार व सूचना प्रौद्योगिकी का और अधिक विस्तार करने की योजना है, जिसके जरिए सरकारी विभागों के कार्यों के साथ जन सेवाओं को भी सुलभ बनाया जाएगा।
आइटी लैब को बनाया जाएगा उपयोगी
दक्ष उत्तरकाशी के तहत उत्तरकाशी महाविद्यालय में स्थापित आइटी लैब को उपयोगी बनाने की भी कवायद की जा रही है। इस लैब में प्रशिक्षणरत इच्छुक छात्रों को एआइ इनोवेशन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
महाविद्यालय के डा.नरेंद्र जांगिड़ ने बताया कि छात्रों को एआइ इनोवेशन में दक्ष बनाकर उनकी मदद से सरकारी विभागों में होने वाले डाक्यूमेंटेशन से लेकर अन्य सरकारी सेवाओं में भी तकनीकी मदद ली जाएगी, साथ ही छात्रों की मदद से एआइ इनोवेशन माडल्स तैयार किए जा सकेंगे।
चारधाम यात्रा को व्यवस्थित करने पर भी जोर
दक्ष उत्तरकाशी के जरिए चारधाम यात्रा को व्यवस्थित बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। विशेष रुप से यमुनोत्री धाम में घोड़ा-खच्चरों, डंडी-कंडी आदि के संचालन में आने वाली दिक्कतों को दूर करने के साथ उनके संचालन को बेहतर प्रबंधन के लिए भी तकनीकी के इस्तेमाल पर विचार किया जा रहा है, जिसमें भविष्य में केदारनाथ यात्रा की तर्ज पर घोड़ा-खच्चरों की पहचान के लिए आरएफ आइडी(रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडी) चिप भी लगाई जा सकेगी, जिसमें घोड़े-खच्चर के साथ ही उसके मालिक के बारे में पूरी जानकारी स्टोर रहती है।
दक्ष उत्तरकाशी एक तरह का इंफोरमेशन एंड आइटी इको सिस्टम है, जिसके माध्यम से उत्तरकाशी में नवाचार व सूचना प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने के लिए काम किया जा रहा है। इसके पहले चरण में संकल्प संवाद पोर्टल जारी किया गया है, जिसका अच्छा परिणाम मिल रहा है। उम्मीद है भविष्य में अन्य से भी अच्छे परिणाम मिलेंगे। - प्रशांत आर्य, जिलाधिकारी उत्तरकाशी