विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तरकाशी: उडन कोल और कालिंदी बेस में फंसे 40 ट्रेकर्स का हेलीकाप्टरों से सफल रेस्क्यू

Published: Mon, 28 Sep 2026 11:10 AM (IST)

उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी से फंसे 136 पर्वतारोहियों और ट्रैकर्स को बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू हो गया है।

HighLights

  1. उच्च हिमालय में बर्फबारी से फंसे पर्वतारोहियों-ट्रेकर्स का रेस्क्यू शुरू।

  2. आडेन्स कोलपास से पांच लोगों को हर्षिल सुरक्षित लाया गया।

  3. कुल 136 लोग फंसे, राहत-बचाव टीमें सक्रिय की गईं।

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। उच्च हिमालय क्षेत्र में ट्रेकिंग के दौरान अचानक मौसम बदलने से फंसे पर्वतारोही व ट्रेकर्स के रेस्क्यू के लिए सोमवार को युद्धस्तर पर हेली रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। इस दौरान उडन कोल और कालिंदी बेस में फंसे 40 ट्रेकर्स को हेलीकाप्टरों की मदद से रेस्क्यू कर सुरक्षित हर्षिल पहुंचाया गया।

लेकिन दिन में दो बजे बाद मौसम फिर खराब होने पर रेस्क्यू आपरेशन को रोकना पड़ा है। हालांकि तब तक यूकाडा सहित निजी कंपनी के करीब आठ हेलीकाप्टरों की मदद से 40 ट्रेकर्स सुरक्षित निकाले जा चुके थे। लेकिन बाद में उच्च हिमालय में मौसम दोबारा बिगड़ने पर रेस्क्यू अभियान को बीच में रोकना पड़ा, जो कि मंगलवार को दोबारा शुरू होगा। 

बता दें कि बीते शनिवार-रविवार को अचानक बदले मौसम के चलते उच्च हिमालय क्षेत्र में पर्वतारोहण अभियान व ट्रेकिंग के लिए गए 136 पर्वताराेही व ट्रेकर्स फंस गए थे।

इनमें से हाई अल्टीट्यूट एक्सपीडिशन के अंतर्गत कुल 89 तथा हाई अल्टीट्यूड ट्रेकिंग श्रेणी में कालिंदी पास बेस कैंप पर 18 और आडेनकोल पास बेस कैंप पर 29 ट्रेकर्स फंसे थे, जो कि बर्फबारी के चलते न तो नीचे आ पा रहे थे, नहीं आगे अभियान को जारी रख पा रहे थे। 

WhatsApp Image 2026-09-28 at 9.53.49 AM

सूचना पर जिला प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू आपरेशन को कार्ययोजना बनाई। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मौसम की स्थिति को देखते हुए हेली सेवाओं को पूरी तरह अलर्ट रहने आवश्यकता पड़ने पर हवाई रेस्क्यू शुरू करने के निर्देश दिए थे।

इसी क्रम में सोमवार को मौसम खुलते ही सुबह 9 बजे हेली रेस्क्यू शुरू किया गया। एक-एक कर हेली उड़ान भरते और चार से पांच ट्रेकर्स को लेकर नीचे आते।

आपदा प्रबंधन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार अभी तक उडन काेलपास के बेस कैंप से 29 व कालिंदी ट्रेक के बेस कैंप से 11 ट्रेकर्स को सकुशल रेस्क्यू कर हर्षिल पहुंचाया गया है।

वहीं, अब 96 ट्रेकर्स व पर्वतारोहियों को रेस्क्यू किया जाना शेष है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि रेस्क्यू आपरेशन के लिए हर्षिल को बेस कैंप बनाया गया है, सभी ट्रेकर्स व पर्वतारोहियों को रेस्क्यू कर हर्षिल लाया जा रहा है।

वहीं,मौसम को देखते हुए पैदल रेस्क्यू टीमों आइटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीरएफ व गंंगोत्री नेशनल पार्क की टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

यह भी पढ़ें- रुद्रप्रयाग: केदारनाथ मार्ग पर चीरबासा में पहाड़ी पर पत्थर गिरने से बच्ची की मौत, बचाए गए 1000 यात्री