Kichha-Sirauli Kalan Municipal Elections: किच्छा और सिरौलीकलां में कांग्रेस ने फहराया परचम, भाजपा खेमे में पसरा सन्नाटा
ऊधम सिंह नगर के किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका चुनावों में कांग्रेस ने जीत का परचम फहराया है, राजेश प्रताप सिंह और राशिदा बेगम अध्यक्ष बनीं।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, किच्छा (ऊधमसिंहनगर)। ऊधम सिंह नगर के किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस ने जीत का परचम फहरा दिया है। किच्छा में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह ने भाजपा के संदीप अरोड़ा को 6077 वोटों के बड़े अंतर से हराया है तो सिरौलीकलां में मतदाताओं ने कांग्रेस की ही राशिदा बेगम को चेयरमैन बना दिया है।
राशिदा बेगम ने 5434 वोट हासिल कर अपनी प्रतिद्वंदी निर्दलीय फरहीन जहां को 1773 मतों से शिकस्त दी है। फरहीन जहां को 3661 वोट मिले। दोनों जगह कांग्रेस की जीत से कार्यकर्ताओं की बांछे खिल गई हैं तो भाजपा खेमे में सन्नाटा पसरा हुआ है।
22 सितंबर को हुआ था मतदान
किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव के लिए मतदान 22 सितंबर को हुआ था। मतदान के बाद स्ट्रांग रूम में मतपेटियों के आगे पर्दा न लगाने को लेकर किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने आपत्ति जताई थी। जिस पर वहां पहुंचे भाजपा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और बेहड़ के बीच जबरदस्त धक्का - मिक्की हो गई।
यह भी पढ़ें- हरीश रावत का बड़ा बयान, 'किच्छा चुनाव से खुलेगा 2027 में कांग्रेस सरकार का रास्ता'
यहां तक कि एक भाजपा कार्यकर्ता ने बेहड़ पर हाथ भी छोड़ दिया था। बेहड़ को लगे इस थप्पड़ की गूंज पूरे प्रदेश की राजनीति में सुनाई दी। इससे चुनाव हाई प्रोफाइल हो गया। सबकी नजरें इस चुनाव पर टिक गईं। इधर, चुनाव की मतगणना 24 सितंबर को होनी थी। लेकिन प्रशाशन ने हंगामे को आधार बनाते हुए मतगणना के लिए तीन सप्ताह का समय मांग लिया। कांग्रेस इस मामले को लेकर उच्चतम न्यायालय पहुंची।
बाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सात अक्टूबर को मतगणना कराई गई। किच्छा के मंडी समिति में सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हो गई। पहले दो घंटे सभासद पद के परिणाम सामने आते रहे। धीरे धीरे अध्यक्ष पदों के परिणाम भी सामने आने शुरू हो गए। सिरौलीकलां नगर पालिका के परिणाम पहले आए।
यहां 11591 मतदाताओं में से 9721 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें अध्यक्ष पद की कांग्रेस प्रत्याशी राशिदा बेगम को 5434 मत मिले, जबकि प्रतिद्वंदी निर्दलीय फरहीन जहां को 3661 मत प्राप्त हुए। राशिदा ने 1773 मतों से इस चुनाव को जीत लिया। सिरौलीकलां मुस्लिम बाहुल्य पालिका क्षेत्र है।
यह भी पढ़ें- Kichha-Sirauli Kalan Municipal Elections: किच्छा-सिरौलीकलां में कांग्रेस की जीत, बड़े बदलाव का संकेत
देर रात घोषित किया गया किच्छा का परिणाम
किच्छा नगर पालिका के अध्यक्ष पद का परिणाम देर रात घोषित किया गया। यहां कांग्रेस के अध्यक्ष पद प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह और भाजपा के संदीप अरोड़ा में सीधा मुकाबला था। लड़ाई भी कांटे की बताई जा रही थी। मगर जैसे - जैसे मतपेटियां खुलती गईं कांग्रेस के राजेश प्रताप सिंह ने शुरू से अंत तक बढ़त बनाए रखी।
भाजपा प्रत्याशी किसी राउंड में आगे नहीं दिखे। चार राउंड की मतगणना में प्रथम चरण में राजेश प्रताप सिंह ने 6988, दूसरे में 5950, तीसरे में 4338 और चौथे चरण में 2232 मत हासिल किए।
भाजपा के संदीप अरोड़ा को प्रथम चरण में 5283, दूसरे में 4869, तीसरे में 2203 और चौथे चरण में 1076 मत मिले। इस तरह राजेश प्रताप सिंह को 19508 और संदीप अरोड़ा को 13431 हासिल हूं। 6077 वोटों के बड़े अंतर से कांग्रेस के राजेश प्रताप सिंह ने भाजपा के अरोड़ा को करारी हराकर देकर जीत का परचम फहरा दिया।
