Kichha Municipal Election: विधायक बेहड़ पर हमले पर आक्रोश, ऊधमसिंह नगर में प्रशासन का पुतला फूंकेगी कांग्रेस
किच्छा नगर पालिका चुनाव के दौरान विधायक तिलक राज बेहड़ को थप्पड़ मारने की घटना पर कांग्रेस में आक्रोश है।
HighLights
किच्छा नगर पालिका चुनाव में विधायक तिलक राज बेहड़ को थप्पड़ मारा गया
कांग्रेस ने घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रशासन का पुतला फूंकने का ऐलान किया
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ऊधम सिंह नगर के लिए रवाना हुए, माहौल गरमाया
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। निकाय चुनाव के दौरान विधायक तिलक राज बेहड़ को थप्पड़ मारने की गूंज देहरादून तक सुनाई देने लगी है। कांग्रेस ने जनपद में प्रशासन का पुतला फूंकने का ऐलान कर दिया है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य भी देहरादून से ऊधम सिंह नगर के लिए निकल गए है। जिससे जनपद में माहौल एक बार फिर गरमाने की संभावनाएं बन गई है।
मंगलवार को किच्छा नगर पालिका चुनाव में स्ट्रांग रूम के बाहर पर्दे लगाने का विरोध कर रहे विधायक तिलक राज बेहड़ पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के समर्थक ने विधायक बेहड़ को थप्पड़ जड़ दिया था। थप्पड़ के बाद जम कर हंगामे के बाद जिलाध्यक्ष कांग्रेस हिमांशु गावा, पूर्व विधायक रुद्रपुर राजकुमार ठुकराल सहित तमाम नेता किच्छा पहुंच गए थे।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के किच्छा में निकाय चुनाव का महासंग्राम: सच में बदली आशंका... 10 प्वॉइंट में पूरा घटनाक्रम
हंगामे के बाद धरना दे रहे विधायक व पूर्व विधायक को समर्थकों के साथ पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। जिसके विरोध में कांग्रेस ने एकजुट होकर मोर्चा खोल दिया है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा सत्ता के दवाब में प्रशासन चुनाव प्रभावित कर रहा है। जिसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया किच्छा की घटना को लेकर कांग्रेस में आक्रोश है। जनपद में कांग्रेस प्रशासन का पुतला फूंक प्रशासन की हरकत का विरोध कर रही है।
भाजपा ने फूंका विधायक बेहड़ का पुतला
किच्छा : भाजपा ने डीडी चौक पर विधायक तिलक राज बेहड़ का पुतला फूंक रोष व्यक्त किया। उन्होंने पुतला फूंकने के बाद कोतवाली तक मार्च निकाल धरना शुरू कर दिया। भाजपाई पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के परिवार के लिए अभद्रता करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
मंगलवार को नगर पालिका चुनाव में स्ट्रांग रूम के बाहर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला व विधायक तिलक राज बेहड़ के बीच हुए विवाद के बाद बुधवार को भी माहौल गर्माया रहा। बुधवार दोपहर भाजपा नेता आवास विकास स्थित पूर्व विधायक शुक्ला के कार्यालय में एकत्र हुए। उन्होंने वहां से डीडी चौक तक पैदल मार्च निकाल विधायक तिलक राज बेहड़ को मंगलवार के हंगामे का जिम्मेदार ठहराते हुए उनका पुतला फूंक दिया।
पुतला फूंकने के उपरांत डीडी चौक से कोतवाली तक मार्च निकाल कोतवाली में।धरने पर आकर बैठ गए। पूर्व विधायक शुक्ला को मनाने पहुंचे प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार की उन्होंने नहीं मानी। पूर्व विधायक शुक्ला के साथ दर्जा मंत्री राम पाल, उत्तम दत्ता भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, भाजपा नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी संदीप अरोड़ा सहित तमाम भाजपा नेता धरने पर बैठ गए। पूर्व विधायक शुक्ला ने विधायक बेहड़ व उनके समर्थकों पर उनके परिवार के विरुद्ध अशोभनीय टिप्पणी पर रोष व्यक्त कर ऐसे लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें- किच्छा पालिका चुनाव में बवाल, विवाद के दौरान विधायक बेहड़ को जड़ा थप्पड़, देर रात मतपेटियां जमा करने पर फिर हंगामा
कांग्रेसियों ने फूंका भाजपा सरकार का पुतला
बाजपुर। नगर निकाय चुनाव के दौरान कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ के साथ मारपीट के प्रकरण को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। बुधवार को कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष पुष्कर सिंह धामी का पुतला लेकर बाजार में प्रदर्शन करते हुए बेरिया दौलत तिराहे पर पहुंचे। यहां प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में भाजपा सरकार का पुतला दहन किया गया।
इस दौरान गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार लोकतंत्र की हत्या करना चाहती है। जनप्रतिनिधियों पर जिस तरह हमले हो रहे हैं, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने की कोशिशों का पार्टी विरोध करेगी।
कांग्रेस प्रदेश सचिव गुरजीत सिंह गित्ते ने आरोप लगाया कि सरकार आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों को देखते हुए हर स्तर पर चुनाव जीतना चाहती है, जबकि जनता उन्हें नकार चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी हार को देखते हुए विधायक तिलकराज बेहड़ पर हमला करवाया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारी भी जिम्मेदार हैं। प्रदर्शन में डीके जोशी, मुनव्वर अली, निसार अहमद, आशु तिवारी, सादिक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
