Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कुमाऊं की सबसे बड़ी पेयजल योजना का उद्घाटन, 49 गांवों को मिलेगा स्वच्छ पानी

    Updated: Wed, 06 May 2026 05:56 PM (IST)

    केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने बेलपट्टी ग्राम समूह पंपिंग योजना का उद्घाटन किया, जिससे कुमाऊं के 49 गांवों के 17,000 से अधिक लोगों को पेयजल मिलेगा। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    संवाद सूत्र, गंगोलीहाट। बेलपट्टी क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मुराद पूरी हो चुकी है। बेलपट्टी ग्राम समूह पपिंग योजना विधिवित संचालित हो चुकी है। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्यमंत्री अजय टम्टा ने योजना का उद्घाटन किया।

    जल जीवन मिशन के तहत 57.50 करोड़ की लागत से बनी कुमाऊं की सबसे बड़ी इस पेयजल योजना के बनने से बेलपट्टी क्षेत्र के 49 गांवों की 17 हजार से अधिक की आबादी लाभांवित होगी।

    बेलपट्टी क्षेत्र में अब तक पेयजल की कोई योजना नहीं बनी थी। जिस कारण क्षेत्र के ग्रामीणों को विगत कई वर्षों से भारी पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा था। गर्मियों के मौसम में ग्रामीणों की समस्या और अधिक बढ़ जाती थी। गर्मियों के दिनों में घोड़े, खच्चरों से पानी ढोकर प्यास बुझाई जाती है।

    पेयजल की समस्या राजनीतिक दलों का प्रमुख मुद्दा

    राज्य बनने के बाद प्रत्येक चुनाव में इस क्षेत्र में पेयजल की समस्या राजनीतिक दलों का प्रमुख मुद्दा रहा। क्षेत्र में भीषण पेयजल संकट को देखते हुए वर्ष अगस्त 2022 में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत बेलपट्टी ग्राम समूह पंपिंग योजना का कार्य प्रारंभ किया गया। 57.50 करोड़ की लागत से स्थानीय रामेश्वर घाट स्थित रामगंगा नदी से पेयजल योजना बनाई गई। करीब पांच वर्षों के लंबे इंतजार के बाद यह पेयजल योजना बनकर तैयार हुई।

    रामगंगा नदी से बेलपट्टी क्षेत्र के लिए 19 किमी लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है और 32 पेयजल टैंक बनाए गए हैं। मुख्य टैंक भामा में बनाया गया है। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्यमंत्री अजय टम्टा ने योजना का उद्घाटन करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत हर घर जल पहुंचाया जा रहा है। कहा कि बेलपट्टी क्षेत्र में यह योजना बनने से क्षेत्र की बड़ी आबादी को इसका लाभ पहुंचेगा।

    क्षेत्रीय विधायक फकीर राम टम्टा ने कहा कि केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार के कार्यकाल में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। जिसका सीधा लाभ अंतिम छोर में खड़े व्यक्ति को मिल रहा है। पंपिंग योजना बनने के बाद सबसे अधिक समस्या से जूझ रहे चहज, नाली, डूनी, बड़ेना, बुंगली, चमडुंगरा समेत 3531 परिवारों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि पेयजल से वंचित अन्य गांवों को भी शीघ्र ही पेयजल योजना से लाभांवित किया जाएगा।

    खबरें और भी

    योजना के रखरखाव का कार्य पेयजल निगम द्वारा किया जाएगा। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, नगरपालिका अध्यक्ष विमल रावल, भाजपा जिला मंत्री रमेश बोरा, पेयजल निगम के अधीक्षण अभियंता रंजीत धर्मशक्तू, अधिशासी अभियंता आशुतोष उपाध्याय, अवर अभियंता रितेश भट्ट, रवि सामंत आदि मौजूद रहे।

    बासुकी नाग पेयजल योजना भी लगभग बनकर तैयार

    जल जीवन मिशन योजना के तहत गणाई-गंगोली क्षेत्र में भी वासुकी नाग पंपिंग पेयजल योजना बनाई जा रही है। वर्ष 2022 में 39.58 करोड़ की लागत से सेराघाट में इस योजना का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। योजना का निर्माण कार्य 98 फीसद पूरा हो चुका है। वर्तमान में योजना की टेस्टिंग प्रक्रिया चल रही है। अगले माह तक इस योजना से पानी मिलने की उम्मीद है। इस योजना के बनने से क्षेत्र के 49 गांवों की सात हजार से अधिक की आबादी को लाभ मिलेगा।

    बेलपट्टी पंपिंग योजना जल जीवन मिशन के तहत अब तक की कुमाऊं की सबसे बड़ी लागत वाली पेयजल योजना है। 57.50 करोड़ की लागत से बनी इस योजना से बेलपट्टी के 49 गांवों की करीब 17328 की आबादी लाभांवित होगी। बासुकी नाग पेयजल योजना भी अगले माह तक जनता को समर्पित कर दी जाएगी। - आशुतोष उपाध्याय, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम।