आदमखोर घोषित हुआ उत्तराखंड के पौड़ी में महिला को मारने वाला गुलदार, गांव में शिकारी दल तैनात
श्रीनगर गढ़वाल के तरुली-बछेली गांव में गुलदार ने एक महिला को मार डाला। विरोध में ग्रामीणों ने राजमार्ग जाम कर ...और पढ़ें

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल। खिर्सू ब्लाक के ग्राम पंचायत बछेली के तरुली-अमदार में 51 वर्षीय महिला बीना देवी पत्नी स्व. बालमुकंद को मारने वाले गुलदार को वन विभाग ने आदमखोर घोषित कर मारने के आदेश जारी कर दिए हैं।
उत्तराखंड प्रमुख वन संरक्षक नीना ग्रेवाल ने आदेश जारी करते हुए गुलदार ट्रैकुलाइजर कर पकड़ने और ऐसा संभव नहीं होने पर गोली मारने के आदेश दिए हैं। प्रमुख वन संरक्षक के विभाग के आदेश के बाद विभाग ने प्रसिद्ध शिकारी जाय हुकिल के मार्गदर्शन में चार सदस्यीय शिकारी दल भी गांव में तैनात कर दिया है।
शुुक्रवार देर शाम को गांव के करीब ही गुलदार ने बीना देवी पर हमला कर उन्हें मार दिया था। शनिवार पूर्वान्ह करीब 11 बजे वन महकमा प्रमुख ने गुलदार को आदमखोर घोषित करने का आदेश जारी करते हुए इसकी प्रति डीएफओ गढ़वाल को भेजी।
इस संबंध में डीएफओ महातीम यादव ने बताया कि जाय हुकिल के मार्गदर्शन में शिकारी बलदेव सिंह, भीम सिंह सहित चार सदस्यीय दल तैनात किया गया है। इसके अलावा पूरे क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर छह ट्रैप कैमरा लगाए गए हैं।
साथ ही ड्रोन कैमरा से भी तरुली-अमदार सहित आसपास के पांच किमी के दायरे में गुलदार की मानीटरिंग की जा रही है। डीएफओ ने बताया कि घटना के बाद से गांव में क्यूआरटी (क्विक रिस्पांश टीम) भी तैनात कर दी गई है। यह टीम पूरे गांव में गश्त कर रही है।
गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग ने दो अगल-अलग स्थानों पर पिंजरे भी लगा दिए हैं। जरूरत के हिसाब से अन्य जगहों पर भी पिंजरे लगाए जाएंगे।
चारों तरफ बुना झाड़ियों का जाल
खंडाह-बछेली-अमदार मोटर मार्ग पर बसे लागनू, बछेली, तरुली गांव के आसपास झाड़ियों का जाल बना है।यहां इन दिनों जंगली घास के साथ ही अन्य जंगली पेड़-पौधों बड़े-बड़े हो रखे हैं, जिससे कई जगहों पर कुछ दूरी पर स्पष्ट नजर नहीं आ रहा है।
स्थिति यह है कि तरुली गांव में अलग-अलग जगहों पर बसे तीन, चार व दो परिवारों के घरों के आसपास भी झाड़ियां उगी हुई हैं। यही नहीं, सड़क से तरुली गांव को जोड़ने वाले रास्ते पर काफी घास जमी हुई है।
