फिर चर्चाओं में उत्तराखंड के 'मोहम्मद दीपक', हुए गिरफ्तार, राहुल गांधी ने बताया था इंसानियत की मिसाल
उत्तराखंड के कोटद्वार में 'मोहम्मद दीपक' एक बार फिर चर्चा में हैं, जब एक कपड़ा व्यापारी ने उन पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
HighLights
कपड़ा व्यापारी संजीव टांक ने 'मोहम्मद दीपक' पर धमकी का आरोप लगाया
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दीपक कुमार को गिरफ्तार किया
व्यापार मंडल ने दीपक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की
संवाद सहयोगी, कोटद्वार। बीते जनवरी माह में एक विवाद के दौरान स्वयं का नाम मोहम्मद दीपक बताने वाले दीपक कुमार एक बार फिर चर्चाओं में हैं। एक कपड़ा व्यापारी ने दीपक पर उन्हें धमकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है।
पुलिस ने दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर दीपक को गिरफ्तार किया है। उधर, व्यापारी को धमकाने से आक्रोशित व्यापार मंडल ने दीपक के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग को लेकर कोतवाली में धरना दिया। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर के समझाने के बाद व्यापारियों ने अपना धरना समाप्त किया।
यह भी पढ़ें- कोटद्वार के मोहम्मद दीपक के जिम में नहीं पहुंचे राहुल गांधी, कांग्रेसियों ने ली राहत की सांस
सेना पर पत्थरबाजी करने वालों के खिलाफ भी कभी कुछ लिख दिया करें...
जनपद बिजनौर के अंतर्गत नजीबाबाद थाना क्षेत्र के कलालान मोहल्ला निवासी संजीव टांक की कोटद्वार में गंगादत्त जोशी मार्ग पर कपड़ों की दुकान है। संजीव की माने तो पिछले दिनों उज्जैन में एक मस्जिद को गिराए जाने संबंधी दीपक की पोस्ट पर उनके द्वारा टिप्पणी की गई कि सेना पर पत्थरबाजी करने वालों के खिलाफ भी कभी कुछ लिख दिया करें।
संजीव का आरोप है कि इस टिप्पणी से आक्रोशित दीपक गुरूवार सुबह उनकी दुकान पर आए और उन्हें धमकाया। जब उन्होंने विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। संजीव ने बताया कि कुछ समय पूर्व उनकी हृदय का आपरेशन हुआ है व गुरूवार को हुई घटना के कारण वे दहशत में हैं।

इधर, व्यापार मंडल को जब व्यापारी के साथ दुर्व्यवहार की जानकारी मिली तो व्यापार मंडल के पदाधिकारी सहित अन्य व्यापारी संजीव की दुकान में पहुंचे। वहां से वे दीपक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कोतवाली में पहुंचे और कड़ी कार्यवाही की मांग को लेकर कोतवाली में धरना दिया। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर ने व्यापारियों से वार्ता की और उचित कार्यवाही का आश्वासन देते हुए व्यापारियों को शांत किया।
व्यापारियों का आरोप था कि दीपक आए दिन हिंदू समाज को लेकर इंटरनेट मीडिया पर विवादित पोस्ट कर रहे हैं, जिससे शहर का सांप्रदायिक सौहार्द खराब होने का भी डर बना हुआ है। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर ने कहा कि दीपक के इंटरनेट मीडिया पर बने अकाउंट पर पुलिस नजर रख रही है। बताया कि पूर्व में भी उससे विवादित पोस्ट डिलीट भी करवाई गई।
यह भी पढ़ें- जिम में रह गए 50 मेंबर, किराया 40 हजार..., कोटद्वार के मोहम्मद दीपक के सामने छाया आर्थिक संकट
यहां से चर्चाओं में आए दीपक
बताते चलें कि 26 जनवरी को पटेल मार्ग में एक दुकान का नाम बदलने को लेकर बजरंग दल कार्यकर्त्ताओं व दुकान स्वामी के समर्थकों में विवाद हो गया था। इस दौरान कोटद्वार में जिम संचालक दीपक कुमार ने स्वयं को मोहम्मद दीपक बताते हुए शांति बनाए रखने की अपील की। हालांकि, इस दौरान दोनों पक्षों में हल्की मारपीट भी हुई।
दीपक कुमार का स्वयं को मो. दीपक बताते हुए शांति की अपील करने का वीडियो इंटरनेट पर जबरदस्त वायरल हुआ।
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा में दीपक की सराहना करते हुए उन्हें इंसानियत की मिसाल बताया। साथ ही फरवरी माह में दिल्ली स्थित अपने आवास में दीपक से मुलाकात भी की और उनके जिम में आकर सदस्यता लेने की बात कही। कई दिन तक मो.दीपक राष्ट्रीय स्तर पर छाए रहे।

शांति एवं कानून-व्यवस्था हेतु पौड़ी पुलिस सतर्क, फ्लैग मार्च
अराजकता फैलाने एवं शांति भंग करने का प्रयास करने वालों पर रहेगी पैनी नजर, नियमों का उल्लंघन करने पर होगी सख्त वैधानिक कार्रवाई।
कोटद्वार क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल द्वारा प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा आमजन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण का भरोसा दिलाया गया।
पुलिस द्वारा स्पष्ट संदेश दिया गया कि शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। किसी भी व्यक्ति द्वारा शांति भंग करने, अराजकता फैलाने, कानून-व्यवस्था प्रभावित करने अथवा माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जाता है तो उसके विरुद्ध तत्काल एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही आमजन से अपील है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करें तथा क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
