विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 09, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रातभर बारिश और बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित, ऊधमसिंहनगर में आठवीं तक के स्‍कूल बंद

By Skand ShuklaEdited By:
Updated: Thu, 09 Jan 2020 08:05 AM (IST)

उत्‍तराखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। पर्वतीय और तराई क्षेत्रों में बुधवार रात भर बारिश और बर्फबारी होती रही।

रातभर बारिश और बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित, ऊधमसिंहनगर में आठवीं तक के स्‍कूल बंद
रातभर बारिश और बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित, ऊधमसिंहनगर में आठवीं तक के स्‍कूल बंद

हल्द्वानी, जेएनएन : उत्‍तराखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। पर्वतीय और तराई क्षेत्रों में बुधवार रात भर बारिश और बर्फबारी होती रही। नैनीताल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों ने जहां बर्फ की चादर ओढ ली है, वहीं पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी क्षेत्र व बागेश्वर जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई। बर्फबारी से पिथौरागढ़ जिले के तीन प्रमुख मार्ग बंद हो गए। नैनीताल में भी पूरे दिन बारिश होती रही। बारिश और बर्फबारी से समूचे कुमाऊं में ठंड से लोगों का बुरा हाल रहा। गुरुवार सुबह भी आसमान बादलों से घिरा है। इस बीच लगातार दूसरे दिन भी पिथौरागढ़ की सभी उड़ानें रद कर दी गईं। वहीं ऊधमसिंहनगर के आठवीं तक के स्‍कूलों में छुट्टी कर दी गई है।

पिंडर घाटी में पांच फीट तक जमी बर्फ

बागेश्वर के पिंडर घाटी में पांच फीट तक बर्फ जमी है। सुदूर के ग्रामीण क्षेत्रों में  जरूरी सामानों की किल्लत बढ़ गई है। बर्फबारी से रिखाड़ी-बाछम, शामा-नाकुरी, लीती-गोगिना मोटर मार्ग बंद हो गए हैं। उच्च हिमालयी गांवों में पेयजल संकट गहरा गया है। अधिकतर पेयजल लाइनों में पानी जम गया है। जिलाधिकारी रंजना राजगुरु ने बताया कि मौसम विभाग केंद्र देहरादून के अनुसार जिले में हल्की बारिश और बर्फबारी की आशंका है। शीतलहर को देखते हुए लोकनिर्माण विभाग को अलर्ट कर दिया गया है।

पिथौरागढ़ में रात तीन बजे से हो रही बर्फबारी

पिथौरागढ़ में भी धारचूला और मुनस्यारी में बर्फबारी को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अलर्ट किया है। रात तीन बजे से लगातार बर्फबारी हो रही है। भारी बर्फबारी से थल -मुनस्यारी, तवाघाट -नारायण आश्रम और तवाघाट - रक्षाताल- गाला मार्ग बंद हो गया। मौसम से सबसे अधिक मुनस्यारी प्रभावित रहा। सड़कों पर बर्फ जमने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। थल -मुनस्यारी मार्ग बंद होने से मदकोट के रास्ते आवाजाही हो रही है। मौसम के कारण बुधवार को सभी उड़ानें भी रद रहीं।  

स्कूलों की छुट्टी

बढ़ी ठंड के मद्देनजर ऊधमसिंह नगर जिले के आठवीं तक के सभी स्कूल गुरुवार को बंद रहेंगे। अल्मोड़ा में 12वीं तक के स्कूलों में अवकाश रहेगा। नैनीताल जिले में दो दिनों के अवकाश की घोषणा डीएम ने की है।

यह भी पढ़ें : ट्रेड यूनियनों की हड़ताल से कुमाऊं में करीब 600 करोड़ का कारोबार प्रभावित 

यह भी पढ़ें : पर्यटन सीजन में भी सूना रह गया नंधौर सेंक्‍चुरी, इसलिए नहीं पहुंच सके पर्यटक