उत्तराखंड के हल्द्वानी में पार्टी कर रहे थे सात दोस्त, हुआ हादसा... घर लौटा आदित्य का शव
हल्द्वानी के भुजियाघाट में दोस्तों संग पार्टी करने गया 17 वर्षीय आदित्य टम्टा गधेरे में बह गया। रविवार को उसका शव बरामद कर लिया गया।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। भुजियाघाट में दोस्तों के साथ पार्टी करने पहुंचा एक किशोर गधेरे में बह गया था। जिसका शव रविवार को बरामद कर लिया गया।
भुजियाघाट के पास शनिवार को गौला नदी में बहे 17 वर्षीय किशोर का शव रविवार को बरामद हो गया। किशोर की पहचान रामपुर रोड के टीपी नगर क्षेत्र निवासी आदित्य टम्टा के रूप में हुई।
रविवार को राजपुरा क्षेत्र में गौला नदी के किनारे किशोर का शव दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गधेरे में नहाने लगे थे दोस्त
पुलिस के अनुसार रामपुर रोड टीपीनगर निवासी 17 वर्षीय आदित्य टम्टा पुत्र अशोक टम्टा शनिवार को रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ पार्टी करने निकला था। समूह में सात लोग थे, जो भुजियाघाट के पास एक गधेरे में नहाने लगे।
बताया जा रहा है कि अचानक पानी बढ़ने लगा तो साथियों ने आदित्य को बाहर आने के लिए कहा। बाहर निकलने के लिए आगे बढ़ते समय उसका पैर फिसल गया। वह गहरे पानी में जा गिरा और तेज बहाव के साथ बहता चला गया। साथियों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया।
सूचना पर काठगोदाम पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने भुजियाघाट से काठगोदाम स्थित गौला बैराज तक सर्च अभियान चलाया।
