उत्तराखंड: अब राजकीय मेडिकल हल्द्वानी को बम से उड़ाने की धमकी, सभी कक्षाएं स्थगित
हल्द्वानी के राजकीय मेडिकल कॉलेज को ईमेल के जरिए साइनाइड बम धमाके की धमकी मिली, जिससे हड़कंप मच गया। धमकी में 12:15 बजे विस्फोट की बात कही गई थी। ...और पढ़ें

राजकीय मेडिकल कालेज हल्द्वानी को बम धमाके से उड़ाने की धमकी के बाद बाहर आए मेडिकल छात्र और जांच करता सुरक्षा कर्मी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कालेज हल्द्वानी के प्राचार्य को ई-मेल के जरिए साइनाइड पाइजन वाले बम धमाके की धमकी मिलने से मंगलवार को हड़कंप मच गया।
मेडिकल कालेज के सभी कर्मचारी व छात्र-छात्राएं परिसर से बाहर आ गए। धमकी भरे ईमेल में लिखा है कि "आपके कालेज में साइनाइड पाइजन वाले बम रखे गए हैं जो दोपहर 12.15 बजे ब्लास्ट हो जाएगा, सुबह 11 बजे तक डाक्टर, स्टूडेंट्स को निकाल लें! अल्लाहु अकबर"
मंगलवार की सुबह इस तरह के मेल आने के बाद मेडिकल कालेज की कक्षाएं भी स्थगित कर दी गईं। भयभीत हुए कर्मचारी व अधिकारी भी बिल्डिंग से बाहर निकलकर परिसर में आ गए। इसके बाद पुलिस को इस धमकी भरे मेल के बारे में सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डाग स्क्वायड पहले हल्द्वानी के डा. सुशीला तिवारी अस्पताल में पहुंचे। जहां पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
अस्पताल की पार्किंग, आक्सीजन प्लांट के पास, कैंटीन में चेकिंग की गई। फिर पुलिस कालेज के वार्ड, हास्टल और अन्य भवनों की बारीकी से जांच की गई। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए गतिविधियां प्रभावित रहीं।
सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच कराई जा रही है। मेल किस आईडी से भेजा गया और उसका स्रोत कहां है, इसका पता लगाने के लिए साइबर सेल को लगाया गया है। पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है। एसटीएफ को भी इसकी सूचना दे दी गई है।
घटना से छात्रों और अभिभावकों में बढ़ी चिंता...
घटना से छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल बन गया है। हालांकि इससे पहले नैनीताल जिले में तीन बार जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। मेडिकल कालेज परिसर में पुलिस की जांच जारी है।