हल्द्वानी: इंटरनेट से सड़क तक पहुंची लड़ाई, ब्लागर ज्योति अधिकारी और सुनीता भट्ट सार्वजनिक स्थल पर भिड़ीं
ज्योति अधिकारी और सुनीता भट्ट नामक दो ब्लागरों के बीच इंटरनेट मीडिया पर शुरू हुआ विवाद हल्द्वानी के चौपाटी बाजार में सड़क पर आ गया। ...और पढ़ें
HighLights
ब्लागर ज्योति अधिकारी और सुनीता भट्ट में सड़क पर विवाद
हल्द्वानी के चौपाटी बाजार में हुई हाथापाई
पुलिस ने शांति भंग में दोनों को हिरासत में लिया
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। दरातीं लहराने व कुमाऊं के देवी देवताओं के अपमान मामले में जेल जा चुकी ब्लागर ज्योति अधिकारी फिर चर्चा में आ गई है।
ज्योति अधिकारी व यूट्यूबर सुनीता भट्ट के बीच इंटरनेट मीडिया पर चल रहा विवाद बुधवार को सड़क तक आ गया। दोनों के बीच चौपाटी बाजार में बहस और गालीगलौज हुई।
मामला बढ़ा तो हाथापाई होने लगी। पुलिस बीच-बचाव करने गई तो पुलिस से भी धक्का-मुक्की की। शाम को पुलिस ने शांति भंग में चालान कर दोनों को हिरासत में ले लिया।
बुधवार को सुनीता भट्ट की शिकायत दर्ज करवाने ज्योति अधिकारी परिवार संग हल्द्वानी कोतवाली पहुंचीं।
आरोप लगाया कि सुनीता इंटरनेट मीडिया में व्यक्तिगत रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने के साथ अभद्रता कर रही है। इससे वह मानसिक रूप से परेशान है।
इसके बाद कोतवाली से ज्योति सीधे काठगोदाम थाना क्षेत्र के चौपाटी बाजार पहुंच गई। जहां मौजूद सुनीता से ज्योति की बहस होने लगी। हाथापाई पर उतारू दोनों को पुलिस ने बीच-बचाव कर समझाने की कोशिश की।
इसके बावजूद दोनों के बीच बहस होती रही। ज्योति पर महिला पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की का भी आरोप है।
वहीं अन्य ब्लागर दोनों की लाइव वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया में दिखाते रहे। सुनीता का आरोप है कि ज्योति उसे जबरन अपने से जोड़कर विवाद की स्थिति पैदा कर रही हैं और सार्वजनिक स्थान पर व्यक्तिगत आपत्तिजनक टिप्पणी कर रही है।
काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि दोनों को हिरासत में लिया गया है।