हल्द्वानी: खराब मौसम के चलते इंटर कॉलेज मैदान में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, मची अफरा-तफरी
पिथौरागढ़ से हल्द्वानी आ रहे एक हेलीकॉप्टर को खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण काठगोदाम के नगर निगम इंटर कॉलेज मैदान में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। ...और पढ़ें

हेलीकाप्टर की काठगोदाम स्थित विद्यालय में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग।
HighLights
पिथौरागढ़ से हल्द्वानी आ रहे हेलीकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग
खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण काठगोदाम में उतरा
हेलीकॉप्टर में सवार दोनों यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे
जागरण संवाददाता हल्द्वानी। पिथौरागढ़ से हल्द्वानी आ रहे एक हेलीकॉप्टर को शनिवार दोपहर खराब मौसम और लो-विजिबिलिटी के चलते काठगोदाम के नगर निगम इंटर कॉलेज मैदान में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। हेलीकॉप्टर में दो यात्री सवार थे, जो पूरी तरह सुरक्षित हैं।
नहीं मिल सका लोकेशन
जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर दोपहर 3:17 बजे पिथौरागढ़ से दो सवारियां लेकर हल्द्वानी के लिए उड़ा था। इसी दौरान क्षेत्र में अचानक मौसम बिगड़ गया और घने बादलों के कारण दृश्यता काफी कम हो गई। इस वजह से पायलट को निर्धारित 'गौलापार स्टेडियम' के हेलीपैड का सटीक अंदाजा नहीं मिल सका।
मैदान में उमड़ी लोगों की भीड़
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट ने दोपहर 3:50 बजे काठगोदाम इंटर कॉलेज के मैदान में हेलीकॉप्टर को सुरक्षित उतारा। अचानक शहर के बीचों-बीच हेलीकॉप्टर को उतरता देख स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
पुलिस ने संभाली सुरक्षा
काठगोदाम कोतवाल जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि हेलीकॉप्टर की लैंडिंग पूरी तरह सुरक्षित रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा घेरा बनाया और जरूरी औपचारिकताएं पूरी कीं। करीब आधा घंटा बाद जब मौसम सामान्य हुआ, तब हेलीकॉप्टर ने वहां से उड़ान भरी और अपने निर्धारित हेलीपैड पर लैंड किया।