यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 31, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
uttarakhand lockdown update : होम क्वारंटाइन का उल्लंघन करने पर 31 लोगों के खिलाफ एफआइआर
कोरोना वायरस की बढ़ती महामारी को रोकने के लिए क्वारंटाइन में भेजे 31 लोगों के खिलाफ पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

चम्पावत, जेएनएन : कोरोना वायरस की बढ़ती महामारी को रोकने के लिए क्वारंटाइन में भेजे 31 लोगों के खिलाफ पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके अलावा लॉक डाउन के उल्लंघन के मामले में खेतीखान के एक कपड़ा व्यापारी पर भी 188 के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस की कार्रवाई से लोगों में कडा संदेश गया है।
एसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि देश और विदेश से आए कुछ लोगों को जांच के बाद एहतियातन होम क्वारंटाइन में रखा गया था लेकिन इन लोगों ने नियमों का पालन न कर होम क्वारंटाइन का मजाक उड़ाया और नियमों की अनदेखी की। ऐसे 31 लोगों का चिन्हीकरण कर उनके खिलाफ धारा 188, 268, 269 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा लॉकडाउन के दौरान कपड़े की दुकान खोलने वाले पाटी विकास खंड के खेतीखान निवासी एक दुकानदार के खिलाफ भी मामला पंजीकृत किया गया है। एसपी ने बताया कि
लॉकडाउन में रोक के बाद भी सड़क पर अनावश्यक रू से चल रहे ट्रक को सीज कर चालक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया कि ट्रकचालक खटीमा का रहने वाला है जो ट्रक में सवारियां भरकर लोहाघाट की ओर जा रहा था। बताया कि लॉकडाउन और होम क्वारंटाइन का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कुछ ऐसे लोग पुलिस की रडार में हैं जिन पर पैनी नजर रखी जा रही है।
एसपी ने होम क्वारंटाइन में रखे लोगों से की मुलाकात
एसपी लोकेश्वर सिंह ने मंगलवार को प्रशासन द्वारा होम क्वारंटाइन में रखे गए 266 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्या सुनीं। उन्होंने लोगों के स्वास्थ्य का हाल जानते हुए उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एसपी ने बाजार में आवश्यक सेवा की खुली दुकानों का भी जायजा लिया तथा दुकानदारों को ओवर रेट में सामान न बेचने तथा बासी और पुरानी पड़ चुकी सब्जी नष्ट करने के निर्देश दिए। एसपी ने दुकानदारों को दुकानों के सामने रेट लिस्ट चस्पा करने को कहा। चेतावनी दी कि नियमों का पालन न करने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
