Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कुमाऊं विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय कार्यालय पर ताला, एबीवीपी कार्यकर्ता धरने पर बैठे

    Updated: Sat, 28 Mar 2026 02:32 PM (IST)

    हल्द्वानी में एमबीपीजी कॉलेज स्थित कुमाऊं विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय कार्यालय पर ताला देख एबीवीपी कार्यकर्ता भड़क गए। उन्होंने सेमेस्टर परीक्षाओं में ...और पढ़ें

    जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। एमबीपीजी कालेज में बने कुमाऊं विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय कार्यालय पर ताला देख एबीवीपी कार्यकर्ता भड़क गए। प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी से मामले की शिकायत करते हुए अधिकांश समय केंद्र बंद रहने का आरोप लगाया। इसके बाद नारेबाजी करते हुए क्षेत्रीय कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। हालांकि, छात्रों के हंगामा करने पर केंद्र के कर्मचारी ने मौके पर पहुंच कर समस्या सुनी।

    दरअसल, एबीवीपी कार्यकर्ता कुमाऊं विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाओं में फेल हुए विद्यार्थियों का मामला लेकर प्राचार्य के पास पहुंचे थे। छात्रों का कहना है कि परीक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थियों को फेल कर दिया गया है। बीएससी पंचम सेमेस्टर में जूलॉजी और बीकॉम तृतीय सेमेस्टर में सर्वाधिक छात्र-छात्राएं इनकम टैक्स के प्रश्न पत्र में फेल हुए हैं।

    इससे जुड़े प्रमाण भी भी प्रस्तुत किए। छात्र नेता यतिन पांडे ने बताया कि उनके पास 100 से अधिक विद्यार्थियों के परीक्षा फल उपलब्ध हैं जिसमें खामी स्पष्ट तौर पर देखी जा सकती है। फेल हुए विद्यार्थियों की संख्या इससे भी ज्यादा होने की संभावना है ऐसे में विश्वविद्यालय को कॉपियों का दोबारा मूल्यांकन करवाना चाहिए। कुमाऊं विश्वविद्यालय ने हल्द्वानी में क्षेत्रीय कार्यालय खोला तो है लेकिन यहां अधिकांश समय ताला लगा रहता है जिस वजह से विद्यार्थियों को मजबूरन नैनीताल जाना पड़ता है।

    एबीवीपी के जिला संयोजक धीरज गढ़कोटी ने कहा विश्वविद्यालय ने जब छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए केंद्र खोला है तो उसे नियमित तौर पर खोला जाना चाहिए यदि जिम्मेदारी देख रहे अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं तो उन्हें तत्काल हटाकर अन्य को केंद्र का जिम्मा देना चाहिए। यदि परीक्षा परिणाम और व्यवस्था में सुधार नहीं किया जाता है तो आंदोलन किया जाएगा।

    खबरें और भी