रुड़की: 3 तलाक देकर 2 बच्चों की मां को घर से निकाला, पति ने किया दूसरा निकाह
मंगलौर की एक महिला को दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने तीन तलाक दे दिया और गुपचुप तरीके से दूसरा निकाह कर लिया। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
पति ने दहेज के लिए महिला को दिया तीन तलाक
दहेज की मांग पूरी न होने पर पति ने दूसरा निकाह किया
जेठों पर विवाहिता से छेड़छाड़ का प्रयास करने का आरोप
संवाद सहयोगी, मंगलौर। दो मासूम बच्चों की मां और अपने ही घर में एक झटके में न सिर्फ पराई कर दी गई, बल्कि उसकी आबरू से भी खिलवाड़ हुआ। उसका कसूर सिर्फ इतना था कि उसका परिवार दहेज में बुलेट की जगह क्रेटा कार और 10 लाख रुपये की अतिरिक्त रकम नहीं दे पाया।
लालच के चलते एक तरफ विवाहिता पर जुल्म ढाए गए, दूसरी ओर पति ने धोखे से मेरठ की युवती से दूसरा निकाह कर लिया। विवाहिता ने विरोध जताया तो पति ने तीन तलाक जैसे गैर कानूनी हथियार के वार से एक झटके में उसका पूरा संसार ही उजाड़ दिया।
पति का साथ छूटते ही जेठों की नीयत भी डोल गई। आरोप है कि दोनों जेठ ने विवाहिता की अस्मिता से खिलवाड़ का प्रयास किया। प्रताड़ना, अपमान और धोखे से टूटी पीड़िता ने कानून का सहारा लिया है।
क्षेत्र के ग्राम पीरपुरा में रहने वाली पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, तीन तलाक, धोखाधड़ी और अस्मिता से खिलवाड़ का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता ने बताया कि उसका विवाह जून 2022 में मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था।
शादी में उसके परिवार ने करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही पति, सास और दोनों जेठ उसे ताने देने लगे।
ससुराल वालों ने कहा कि उन्हें बुलेट मोटरसाइकिल नहीं बल्कि क्रेटा कार और 10 लाख रुपये नकद चाहिए। जब पीड़िता ने असमर्थता जताई तो उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाने लगी।
पीड़िता के अनुसार वैवाहिक संबंधों से उसकी एक तीन वर्ष की पुत्री और 11 माह का पुत्र है। पुत्री के जन्म पर सास ने ताना दिया। आरोप है कि दिसंबर 2025 में जब पति घर आया तो उसने मेरठ निवासी रेशमा नाम की युवती से प्रेम प्रसंग की बात कबूली।
इसका विरोध करने और सास-ससुर से शिकायत करने पर आरोपित पति आग-बबूला हो गया और सबके सामने पीड़िता को तीन तलाक कहकर रिश्ता तोड़ दिया।
पीड़िता ने तहरीर में आरोप लगाया कि उसके दोनों जेठ उस पर गलत निगाह रखते थे और बीती 11 जून 2026 को उन्होंने उसके साथ जोर-जबरदस्ती करने का प्रयास किया।
पीड़िता ने अपने भाई को फोन कर आपबीती बताई जिसके बाद उसे मायके लाया गया। लेकिन ससुराल पक्ष के अन्य लोगों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। मायके आने के बाद पीड़िता ने मेरठ सदर के जन सूचना अधिकारी से सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगी।
खबरें और भी
बीती जुलाई 2026 को मिले दस्तावेजों से खुलासा हुआ कि उसके पति ने जनवरी 2024 में दूसरा निकाह कर लिया था।
यही नहीं मैरिज रजिस्ट्रेशन के शपथ पत्र में उसके पति और उसकी दूसरी पत्नी, दोनों ने इसे अपना पहला निकाह बताकर रजिस्ट्रार को भी गुमराह किया। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।