LPG गैस खत्म हो जाए तो घबराइए नहीं, केवल पहचान पत्र देकर लें 5 Kg का छोटा सिलिंडर
हरिद्वार में सिंगल गैस सिलेंडर वाले उपभोक्ताओं को परेशानी होने पर अब पहचान पत्र दिखाकर 5 किलो का छोटा सिलेंडर मिल सकता है।

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। यदि आपके पास सिंगल गैस सिलिंडर है और वह अचानक खत्म हो जाए तो घबराइए नहीं।
आप किसी भी गैस एजेंसी या डिस्ट्रीब्यूटर के पास अपना पहचान पत्र (आधार कार्ड, वोटर आइडी, पैन कार्ड आदि) देकर पांच किलो का छोटा गैस सिलिंडर प्राप्त कर सकते हैं।
इसे लेने के लिए निवास प्रमाण पत्र की भी जरूरत नहीं है। वर्तमान परिस्थितियों में इसका भी स्टाक कम है। हालांकि स्टाक बढ़ाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
पश्चिम एशिया में तनाव का असर गैस बुकिंग और वितरण प्रणाली पर भी दिखने लगा है। गैस बुकिंग सर्वर डाउन होने के चलते उपभोक्ता गैस बुक कराने को परेशान हैं।
इसके लिए एजेंसियों पर भी भीड़ देखी जा रही है। यहां भी मायूसी हाथ लग रही है। हर जगह उन्हें बगैर बुकिंग सिलिंडर नहीं मिलने की बात कही जा रही है।
इन सबके बीच सबसे ज्यादा परेशानी उन उपभोक्ताओं को उठानी पड़ रही है जिनके पास सिंगल सिलिंडर है।
एक अदद रसोई गैस को उन्हें वेंडर से लेकर गैस वितरकों की चिरौरी करनी पड़ रही है। यहां भी उन्हें गैस बुकिंग संबंधी भारत सरकार के नियमों का हवाला देकर नाहक परेशान किया जा रहा है।
सिलिंडर कैसे मिलेगा यह बताने को कोई तैयार नहीं है। पूर्ति विभाग के जिम्मेदार भी इस मामले में खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
हालांकि पांच किलोग्राम का छोटा सिलिंडर उपलब्ध होने की बात कही जा रही है। इसके अलावा मिट्टी का तेल भी कंट्रोल के जरिए वितरित कराने की चर्चा है।
छोटे सिलिंडर की खासियत
- कीमत: यह नान-सब्सिडी वाला सिलेंडर होता है। इसकी कीमत सामान्य 14.2 किलो वाले सिलेंडर से अलग होती है।
- उपयोग: यह छोटे परिवारों, छात्रों या उन लोगों के लिए बहुत अच्छा है जिनके पास बड़ा कनेक्शन नहीं है।
केंद्र सरकार की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। बगैर बुकिंग गैस नहीं जा रही है। यदि किसी के पास सिंगल सिलिंडर है तो वह वैकल्पिक उपायों के साथ ही पांच किलो के सिलिंडर की मांग वितरक से कर सकते हैं। हालांकि अभी इसका स्टाक कम है, लेकिन इसे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुकेश पाल, जिला पूर्ति अधिकारी, हरिद्वार
