हरिद्वार में आस्था का सैलाब, 30 किमी तक सिर्फ डाक कांवड़ के वाहन; ड्रोन से देखिए अद्भुत दृश्य
Kanwar Yatra 2026: हरिद्वार में डाक कांवड़ यात्रियों का सैलाब उमड़ पड़ा है, दिल्ली समेत कई राज्यों से लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ...और पढ़ें
HighLights
हरिद्वार में लाखों डाक कांवड़ यात्रियों का सैलाब उमड़ा
लक्सर रोड पर 30 किमी तक सिर्फ कांवड़ वाहन
डीएम-एसएसपी ने मेला क्षेत्र का जायजा लिया
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। Kanwar Yatra 2026: धर्मनगरी हरिद्वार में डाक कांवड़ यात्रियों का सैलाब उमड़ पड़ा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों से लाखों की संख्या में डाक कांवड़ लेकर श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच चुके हैं।
लक्सर रोड से धर्मनगरी में प्रवेश करने वाले डाक कांवड़ यात्रियों का सिलसिला लगातार जारी है। हरिद्वार से लक्सर तक करीब 30 किलोमीटर लंबे मार्ग पर दूर-दूर तक डाक कांवड़ ही नजर आ रही है। गंगा के बगल में हाईवे पर आस्था की समानांतर धारा बहती हुई नजर आ रही है।

दूर-दूर तक बस डाक कांवड़
रविवार सुबह से ही हरिद्वार में कावड़ यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ गई। हर की पैड़ी के गंगा घाटों से लेकर यात्री बाहुल्य क्षेत्र के बाजार श्रद्धालुओं से भरे हुए हैं। हरिद्वार से वापसी के लिए दिल्ली हाईवे पर भी डाक कांवड़ यात्रियों की लंबी कतार दिखाई दे रही है।
हाईवे की एक लेन पर लौटने वाले कांवड़ यात्रियों का लगातार रैला चल रहा है, जबकि दूसरी ओर सामान्य यातायात अपेक्षाकृत कम है। हाईवे पर डाक कांवड़ का यह नजारा ऐसा प्रतीत हो रहा है, मानो हरिद्वार से दिल्ली की ओर आस्था की एक समानांतर धारा बह रही हो।
खबरें और भी

कांवड़ यात्रियों के वाहनों से पार्किंग स्थल भी तेजी से भरने लगे हैं। हरिद्वार की सबसे बड़ी पार्किंग में शामिल बैरागी कैंप में आधे से अधिक स्थान भर चुके हैं। जिस गति से वाहन पहुंच रहे हैं, उससे शाम तक पार्किंग के पूरी तरह भरने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा दक्षदीप मैदान में भी बड़े वाहनों को खड़ा कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
डाक कांवड़ के लिए बड़े चौपहिया वाहनों के साथ-साथ दोपहिया वाहनों से पहुंचने वाले कांवड़ यात्रियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। बाइकर्स कांवड़ यात्रियों के जत्थे भी हरिद्वार की सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं। इससे शहर और आसपास के संपर्क मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है।
मेला क्षेत्र में भ्रमण पर डीएम-एसएसपी
कांवड़ मेले के चरम को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह लगातार मेला क्षेत्र का भ्रमण कर रहे हैं। दोनों अधिकारी ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर यातायात, पार्किंग, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की आवाजाही की व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों की ओर से मौके पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

ऋषिकेश में भी भीड़
कांवड़ मेले के अंतिम चरण में डाक कांवड़ वाहनों की भीड़ उमड़ पड़ी। ऋषिकेश से मुनिकीरेती तक सड़कें जाम हो गई है। नटराज चौक से आगे वाहन नहीं खिसक रहे हैं। हजारों की तादात में दोपहिया वाहनों से कांवड़ यात्री पहुंचे हैं। नीलकंठ में यात्री जलाभिषेक को जा रहे हैं।
मुख्य मार्गों पर जाम लगने के कारण डाक कांवड़ वाहन शहर के अंदर आ रहे हैं ल। इससे शहर में भी जाम लग रहा है। पुलिस की ओर से शहर में डाक कांवड़ वाहनों को आने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग लगाई गई है, लेकिन भीड़ के आगे यह व्यवस्था काम नहीं कर रही है।
रुड़की में हाईवे पैक
रुड़की बाईपास से लेकर नारसन बॉर्डर तक हाईवे पूरी तरह से कांवड़ यात्रियों के हवाले हो गया है, जिसकी वजह से ग्रामीण अब दूसरे संपर्क मार्ग से होकर जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Kanwar Yatra 2026: कांवड़ मेले में अब बाइकर्स की बारी, पुलिस की अग्निपरीक्षा; छूटे पसीने