रुड़की में हिन्दू रक्षा दल जिलाध्यक्ष विशाल चौहान को मारी गोली, आरोपियों की 36 घंटे में गिरफ्तारी के आश्वासन पर धरना खत्म
रुड़की के पनियाला गांव में हिन्दू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष विशाल चौहान को गोली मार दी गई। यह घटना दो ...और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुड़की। कोतवाली गंगनहर क्षेत्र के पनियाला गांव में हिन्दू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष विशाल चौहान पर उस समय फायरिंग की गई जब वह अपने गांव लौट रहे थे। कंधे पर गोली लगी है।
सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दो दिन पहले भी गांव के मेले में उन पर कातिलाना हमला किया गया था, जिसकी तहरीर पुलिस को दी गई थी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

हिन्दू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष एवं फायर ब्रांड हिन्दुत्व के चेहरे विशाल चौहान निवासी ग्राम पनियाला किसी काम से शाम के समय बहादराबाद गए थे। जब वह बहादराबाद से वापस अपने गांव पहुंचे तो गांव के बाहर ही उनकी गाड़ी को कुछ युवकों ने घेरकर फायरिंग की गई।
छर्रे उनकी गाड़ी में लगे हैं। इसके अलावा उनके कंधे पर भी गोली लगी है। इस दौरान गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोपित मौके से भाग निकले। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायल को अस्पताल में भिजवाया गया है।
बताते चलें कि दो दिन पहले भी विशाल चौहान पर गांव में उस समय हमला कर दिया गया था, जब वह मेले में गए हुए थे। इस मामले में पुलिस को तहरीर भी दी गई थी लेकिन आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनी भूषण श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे विशाल चौहान
इंटरनेट मीडिया पर कट्टर सनातनी जैसी पोस्ट के साथ विशाल चौहान अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चाओं में रहे हैं। दो माह पहले भीम आर्मी के पदाधिकारी के साथ ही उनकी बातचीत का एक ऑडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। इसके अलावा पिछले सप्ताह भी लव जेहाद को लेकर उन्होंने कड़ी टिप्पणी की थी, जिसको लेकर वह कुछ लोगों के निशाने पर हैं।
हमलावरों पर पुलिस कार्रवाई के लिए समर्थकों ने दिया कोतवाली में धरना
विशाल चौहान को गोली मारने के मामले में पुलिस द्वारा हमलावरों पर त्वरित कार्रवाई न करने के विरोध में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने गंग नहर कोतवाली में धरना शुरू कर दिया। विशाल चौहान के समर्थकों ने भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया।
वहीं, विशाल को सिविल अस्पताल से दूसरे अस्पताल के लिए रेफर किया गया। लेकिन, कार्यकर्ता उन्हें भी लेकर गंग नहर कोतवाली पहुंचे। साथ ही आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी।
धरने में घायल विशाल चौहान भी मौजूद रहे। जिस एंबुलेंस से उन्हें लाया गया था वह एंबुलेंस भी थाने में ही खड़ी कर दी गई। हंगामा बढ़ता देख पुलिस द्वारा हमलावरों को 36 घंटे में गिरफ्तार करने की मांग को लेकर धरने पर बैठे कार्यकर्ता आश्वासन के बाद कोतवाली गंगनहर से चले गए हैं
