भारी बारिश के बाद हरिद्वार की सूखी नदी में आया सैलाब, बहने लगी गाड़ियां
हरिद्वार में कांवड़ मेले की शुरुआत झमाझम वर्षा से हुई, जिससे गर्मी से राहत मिली लेकिन निचले इलाकों में जलभराव से भारी परेशानी हुई। ...और पढ़ें
HighLights
कांवड़ मेले की शुरुआत झमाझम वर्षा के साथ हुई
भगत सिंह चौक पुलिया सहित कई क्षेत्रों में जलभराव
गंग नहर बंद, भीमगोड़ा बैराज पर गंगा उफान पर
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। कांवड़ मेले की शुरुआत झमाझम वर्षा से हुई। धर्मनगरी और आसपास क्षेत्र में 11 बजे शुरू हुई वर्षा दोपहर तक जारी रही। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। हालांकि निचले इलाकों में जल भराव से लोगों को दिक्कतें भी उठानी पड़ी।
पर्वतीय और मैदानी जिलों में लगातार वर्षा के चलते गंग नहर में निर्धारित से अधिक मात्रा में सिल्ट आने के चलते नहर को बंद कर दिया गया। भीमगोड़ा बैराज पर गंगा भी उफान पर रही। दोपहर के वक्त खड़खड़ी सूखी नदी का जलस्तर भी यकायक बढ़ गया। कई वाहन पानी के तेज बहाव में बह गए। वहीं कुछ वाहन पीछे से बहकर आते भी दिखे।
हरिद्वार में कई जगह जलभराव
बारिश से सबसे ज्यादा परेशानी भगत सिंह चौक रेलवे पुलिया के नीचे हुई। पुलिया के नीचे पानी भरने से भेल और सिडकुल की ओर जाने वालों को पुराना रानीपुर मोड़ से होकर जाना पड़ा। बहादराबाद स्थित सौर बेधशाला से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 32.5 और न्यूनतम 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं 11.2 एमएम वर्षा रेकार्ड किया गया।
गुरुवार से धर्मनगरी में कांवड़ मेले का आगाज हुआ। इसके साथ ही झमाझम वर्षा से शिव भक्तों का उत्साह दोगुना हो गया। करीब 11 मौसम का मिजाज बदला। देखते ही देखते झमाझम वर्षा शुरू हो गई। करीब घंटेभर हुई वर्षा में ही शहर पानी पानी हो गया। मध्य हरिद्वार के भगत सिंह चौक चंद्राचार्य चौक आदि स्थानों पर पानी भरने से लोगों को दिक्कतें हुई।
खबरें और भी
चंद्राचार्य चौक पर को पंपसेट के जरिए समय रहते जल निकासी करा दी गई, लेकिन भगत सिंह चौक रेलवे पुलिया के नीचे काफी देर तक जलजमाव रहा। इसके चलते इस मार्ग से होकर भेल, सिडकुल की ओर जाने वालों को खासी दिक्कतें उठानी पड़ी। उन्हें पुराना रानीपुर मोड़ होकर गंतव्य को जाना पड़ा।
जल भराव की सूचना पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और पंपसेट के जरिए पानी की निकासी कराई। उत्तरी हरिद्वार के भूपतवाला और भीमगोड़ा क्षेत्र में भी जल भराव के चलते स्थानीय लोगों को सुविधा हुई। भूपतवाला क्षेत्र के सप्तऋषि मार्ग पर पानी जमा होने से ज्यादा परेशानी हुई। इधर ज्वालापुर क्षेत्र में भी जगह-जगह जलभराव ने आमजन की मुश्किलें बढ़ाई। ज्वालापुर कोतवाली के समीप सड़क पर पानी जमा होने से दिक्कतें उठानी पड़ी।
कनखल क्षेत्र के लाटोवाली आदि क्षेत्र में भी जलभराव ने आमजन की मुश्किलें बढ़ाई। ललतारो पुल के पास वर्षा के चलते सड़क धंस गई। जिसमें गिरकर एक महिला चोटिल भी हुई। मौके पर स्थानीय पार्षद से लेकर नगर निगम और लोक निर्माण विभाग की टीम भी पहुंची। सड़क की मरम्मत का काम शुरू कराया।