रुड़की ऑनर किलिंग: पकड़ में आया बहन और युवक का हत्यारा अमन, पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा, दो मुकदमे दर्ज
रुड़की में ऑनर किलिंग के डबल मर्डर मामले में मुख्य आरोपी अमन कश्यप को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
HighLights
ऑनर किलिंग के आरोपी भाई अमन कश्यप गिरफ्तार
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को पकड़ा
बहन और युवक की हत्या का था आरोप
जागरण संवाददाता, रुड़की। झबरेड़ी कलां गांव में चार दिन पहले बहन और उसके प्रेमी की गोली मारकर हत्या करने के आरोपित को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में आरोपित के पांव में गोली लगी है। पुलिस ने आरोपित के पास से बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किये है।
आरोपित ने बताया कि बहन के प्रेम संबंधों को लेकर उसे लोग ताने दे रहे थे। इसके चलते ही उसे दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया। झबरेड़ा कोतवाली क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में रूपा और उनके परिवार के युवक युवक मुन्ना उर्फ सूरज के प्रेम संबंधों को लेकर युवती के भाई अमन को शक था।
इसके चलते ही एक साल पहले विवाद भी हुआ था। 26 सितंबर की सुबह अमन ने बहन रुपा और मुन्ना उर्फ सूरज की गोली मारकर हत्या कर दी थी। दोहरे हत्याकांड से हड़कंप मच गया था। दोहरे हत्याकांड के बाद आरोपित अमन फरार हो गया था।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की थी। पुलिस के मुताबिक मंगलवार देर रात पुलिस को अमन के गांव में जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने गंगनहर पुल पिकेट पर चेकिंग की।
पुलिस ने बाइक पर आते एक युवक को देखा तो उसे रुकने के लिए कहा लेकिन वह बुडपुर पाल बस्ती मार्ग की तरफ भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपित ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पांव में लगने से बाइक सवार घायल हो गया।
पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया तो वह अमन निकला। पुलिस ने उसके पास से तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखे बरामद किये। आरोपित को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह बहन के प्रेम प्रसंग से था नाराज था। इस प्रेम संबंध को लेकर लोगों के ताने सुनने पड़ रहे थे। दोनों को कई बार समझाया गया लेकिन नहीं माने। जिसके चलते उसने दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया।
आरोपित पर दर्ज किया मुकदमा
मुठभेड़ में पकड़े गये आरोपित अमन पर पुलिस ने दो मुकदमे दर्ज किये हैं। एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि आरोपित पर पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने का मामला और अवैध हथियार रखने के मामले में भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस उसके अन्य अपराधिक रिकार्ड को भी खंगाल रही है।
