विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरिद्वार के सजनपुर में खेत में घास काट रहे किसान को हाथी ने पटककर मार डाला

Published: Thu, 08 Oct 2026 06:57 PM (IST)Updated: Thu, 08 Oct 2026 07:16 PM (IST)

हरिद्वार के सजनपुर गांव में गुरुवार शाम एक हाथी ने खेत में घास काट रहे किसान पर हमला कर दिया। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, श्यामपुर (हरिद्वार)। श्यामपुर रेंज के सजनपुर गांव में खेत में घास काट रहे किसान पर हाथी ने हमला कर दिया। हाईवे से घटना देख रहे लोगों के शोर मचाने पर हाथी जंगल की ओर भागा। हाथी ने किसान को कई बार पटकने के बाद सिर पर पैर रख दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हुआ, हायर सेंटर रेफर के दौरान किसान की मौत हो गई। किसान की मौत की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

उन्होंने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की और हाईवे जाम करने का प्रयास किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सजनपुर निवासी सतपाल (52) पुत्र भगवाना गुरुवार शाम बाहर पीली स्थित कुंडीकौटेश्वर मंदिर के सामने खेत में घास काट रहे थे।

इसी दौरान पीछे से आए हाथी ने उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी बेहद आक्रामक था। उसने सतपाल को कई बार जमीन पर पटकने का प्रयास किया और बाद में उनके सिर पर पैर रख दिया। हाईवे से घटना देख रहे लोगों ने शोर मचाया तो हाथी जंगल की ओर चला गया।

गंभीर रूप से घायल सतपाल को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीण वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय श्यामपुर पहुंचे। कार्यालय में ताला लगा मिलने पर ग्रामीणों ने वन विभाग के विरुद्ध नारेबाजी शुरू कर दी।

ग्रामीणों ने हाईवे जाम करने का प्रयास भी किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया और सड़क से हटाया। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब दो वर्ष पहले एक किसान के खेत में हाथी की मौत के मामले में वन विभाग ने संबंधित किसान को जेल भेज दिया था।

अब किसान की हाथी के हमले में मौत के बावजूद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने मृतक के स्वजन को उचित मुआवजा देने और क्षेत्र में घूम रहे आक्रामक हाथी से निजात दिलाने की मांग की।

रेंज अधिकारी विवेक जोशी ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि हाथी अभी घटनास्थल के आसपास घूम रहा है। वन विभाग की टीम उसे जंगल की ओर खदेड़ने में जुटी है। मृतक के स्वजन को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाया जाएगा

बिगड़ैल हाथी बना ग्रामीणों और राहगीरों के लिए खतरा

सजनपुर में किसान की जान लेने वाले हाथी को लेकर ग्रामीणों में पहले से ही भय बना हुआ था। स्थानीय लोगों के अनुसार यह हाथी पिछले कुछ समय से लगातार आक्रामक व्यवहार कर रहा है और आबादी तथा हाईवे के आसपास पहुंचकर लोगों पर हमला करने की कोशिश कर रहा है।

ग्रामीणों ने कहा कि करीब डेढ़ माह पहले पीली पड़ाव क्षेत्र में बाजार की ओर आ रहे एक वन गुर्जर पर हाथी ने हमला किया। वन गुर्जर की मौके पर ही मौत हो गई थी। ग्रामीणों के मुताबिक हाथी आए दिन हाईवे की ओर पहुंच जाता है।

इससे राहगीरों और वाहन चालकों में भी दहशत बनी हुई है। दो दिन पहले बाहर पीली के समीप हाईवे पर फोटो खींच रहे एक थार चालक को भी हाथी ने निशाना बनाने का प्रयास किया था। बताया गया कि हाथी ने गुस्से में थार को अपनी सूंड से तीन बार पलटने की कोशिश की।

मौके राहगिरोंने शोर मचाया तो हाथी सड़क पार कर जंगल की ओर चला गया। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार घटनाओं के बावजूद हाथी की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया जा सका। अब सजनपुर में किसान की मौत के बाद ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। उनका कहना है कि हाथी को आबादी और हाईवे से दूर रखने के लिए वन विभाग को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते हाथियों को आबादी क्षेत्र में आने से नहीं रोका गया तो भविष्य में यह स्थानीय लोगों के साथ ही हाईवे से गुजरने वाले राहगीरों के लिए भी बड़ा खतरा बन सकता है। उन्होंने वन विभाग से हाथी की निगरानी बढ़ाने और उसे सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- हरिद्वार में धामी कैबिनेट की बैठक 12 अक्टूबर को, गैरसैंण में होगा विधानसभा सत्र