Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अंकिता भंडारी हत्याकांड: पूर्व विधायक सुरेश राठौर से एसआईटी की साढ़े पांच घंटे पूछताछ, उर्मिला पर लगाए आरोप

    Updated: Fri, 09 Jan 2026 02:40 PM (IST)

    अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े विवादित ऑडियो क्लिप मामले में पूर्व विधायक सुरेश राठौर से एसआईटी ने हरिद्वार में साढ़े पांच घंटे पूछताछ की। राठौर ने ...और पढ़ें

    शुक्रवार को एसआईटी सुरेश राठौर से पूछताछ करेगी। फाइल फोटो

    शुक्रवार को एसआईटी सुरेश राठौर से पूछताछ करेगी। फाइल फोटो

    HighLights

    1. पूर्व विधायक सुरेश राठौर से एसआईटी ने की साढ़े पांच घंटे पूछताछ।

    2. राठौर ने अंकिता भंडारी केस ऑडियो में उर्मिला को दोषी बताया।

    3. अभिनेत्री उर्मिला सनावर का मोबाइल फोन अभी तक जमा नहीं हुआ।

    जागरण संवाददाता, हरिद्वार: अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े विवादित दावों की आडियो क्लिप को लेकर शुक्रवार को पूर्व विधायक सुरेश राठौर एसआइटी के सामने पेश हुए। एसओजी कार्यालय में एसआइटी ने सुरेश राठौर से कैमरा की मौजूदगी में लगभग साढ़े पांच घंटे तक गहन पूछताछ की।

    दोपहर करीब दो बजे शुरू हुई पूछताछ शाम साढ़े सात बजे तक चली, जिसमें राठौर से 100 से अधिक सवाल पूछे गए। बाद में मीडिया से बातचीत में सुरेश राठौर ने पूरे मामले का ठींकरा उर्मिला के सिर फोड़ते हुए गंभीर आरोप लगाए।

    इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे अभिनेत्री उर्मिला सनावर से बातचीत के आडियो क्लिप मामले में हरिद्वार और देहरादून के अलग-अलग थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमों में हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद गुरुवार को ही पूर्व विधायक सुरेश राठौर हरिद्वार पहुंचे थे। गुरुवार को ही एसआइटी ने उर्मिला सनावर से लंबी पूछताछ की थी।

    उर्मिला से पूछताछ में सामने आए तथ्यों की पड़ताल और इस प्रकरण को लेकर विस्तृत पूछताछ के लिए एसआइटी ने शुक्रवार को पूर्व विधायक सुरेश राठौर को तलब किया।

    एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह की अगुवाई में एसआइटी ने लगभग साढ़े पांच घंटे तक चली पूछताछ के दौरान आडियो की पृष्ठभूमि, बातचीत के संदर्भ, समय और घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर सवाल किए। एसआइटी यह जानने का प्रयास कर रही है कि आडियो किन परिस्थिति में रिकार्ड हुआ और इसके पीछे की मंशा क्या थी।

    खबरें और भी

    पूछताछ के बाद मीडिया से बातचीत में सुरेश राठौर ने पूरे आडियो प्रकरण को साजिश बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले के पीछे उर्मिला सनावर की भूमिका है और सच्चाई को सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है। राठौर का कहना है कि जांच पूरी होने पर सभी तथ्य स्वतः स्पष्ट हो जाएंगे।

    कोर्ट में जमा नहीं हुआ उर्मिला का मोबाइल

    उर्मिला सनावर का मोबाइल फोन शुक्रवार को भी न्यायालय में जमा नहीं हो सका। उर्मिला ने गुरुवार को पूछताछ के दौरान मोबाइल फोन जमा करने के लिए एक दिन का अतिरिक्त समय मांगा था। इस संबंध में जांच अधिकारी इंस्पेक्टर आरके सकलानी की ओर से शुक्रवार को न्यायालय में पत्र प्रस्तुत किया गया। कोर्ट की अनुमति मिलने पर उर्मिला संभव है, शनिवार या फिर सोमवार को अपना मोबाइल फोन जमा करा सकती है।

    एसआइटी पूरे मामले से जुड़े हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। दोनों पक्षों के बयानों, तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
    -प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी हरिद्वार

    यह भी पढ़ें- Ankita Bhandari Case: एसआईटी ने उर्मिला से पूछे 150 सवाल, सुनी 48 मिनट की रिकॉर्डिंग

    यह भी पढ़ें- अंकिता हत्याकांड : अभिनेत्री उर्मिला सनावर से पांच घंटे पूछताछ, SIT को सौंपे रिकार्डिंग के सुबूत