विकासनगर गोलीकांड: मोबाइल फोन से खुल सकते हैं राज, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
विकासनगर के कल्याणपुर गोलीकांड में पुलिस ने मृतक कमलेश और घायल संगीता के मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनसे घटना के राज खुलने की उम्मीद है। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
चंदराम राजगुरु, त्यूणी। विकासनगर के कल्याणपुर में बुधवार को हुए गोलीकांड से जुड़े राज से पर्दा उठाने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। इस बीच पुलिस ने गोली लगने से घायल संगीता और मृतक कमलेश चौहान के मोबाइल फोन को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस का कहना है कि मोबाइल फोन के माध्यम से गोलीकांड की गुत्थी सुलझ सकती है। उधर, अस्पताल में भर्ती संगीता नेगी की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। जांच में जुटी पुलिस ने संगीता के स्वजन, मकान मालिक व आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है।
हैंड राइटिंग एक्सपर्ट के पास भेजा गया सुसाइड नोट
पुलिस की प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़े तथ्य सामने आए थे। माना जा रहा है कि कमलेश चौहान ने ही बंद कमरे में पहले संगीता के सिर में गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को कमलेश चौहान का एक सुसाइड नोट भी मिला था, जिसके आधार पर एकतरफा प्रेम संबंध में वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई थी।
पुलिस के अनुसार सुसाइड नोट को हैंड राइटिंग एक्सपर्ट के पास जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस की फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन को इलेक्ट्रानिक साक्ष्य के रूप में अपने कब्जे में लिया है। विकासनगर कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।