यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 30, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand Weather Update: पहाड़ से लेकर मैदान तक खिल रही चटख धूप, शुष्क मौसम में चढ़ा पारा
प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अगले कुछ दिन मौसम के मिजाज में बदलाव आने की उम्मीद नहीं है।

जागरण संवादाता, देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों मौसम शुष्क है और पहाड़ से लेकर मैदान तक चटख धूप खिल रही है। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में सुबह हल्की धुंध छाने लगी है, लेकिन अभी कड़ाके की ठंड शुरू नहीं हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान सामान्य से कुछ अधिक रह सकता है।
सामान्य से अधिक बना हुआ है तापमान
अक्टूबर लगभग समाप्त हो गया है। इस माह अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब चार गुना वर्षा हुई। हालांकि, बीते एक सप्ताह से मौसम शुष्क है। इस बीच तापमान भी सामान्य से अधिक बना हुआ है। दिन में तेज धूप चुभ रही है, जबकि, सुबह-शाम हल्की ठिठुरन महसूस की जा रही है।
कुछ दिन मौसम के मिजाज में बदलाव की उम्मीद नहीं
प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, अगले कुछ दिन मौसम के मिजाज में बदलाव आने की उम्मीद नहीं है। जबकि, नवंबर के पहले सप्ताह से ही तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। खासकर न्यूनतम तापमान घटने से सुबह-शाम ठंड बढ़ सकती है।
धान की कटाई का निरीक्षण किया
प्रधानमनंत्री फसल बीमा योजना के तहत अपर जिलाधिकारी डा एसके बरनवाल ने राजस्व ग्राम केदारपुर में धान की फसल का निरीक्षण किया। रविवार को किए गए निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी ने पाया कि 43.30 वर्गमीटर के एक खेत में 5.48 किलो व दूसरे खेत में 12 किलो उपज हुई है। उन्होंने कहा कि उपज के इन आंकड़ों का उपयोग उत्पादन व उत्पादकता के लिए किया जाएगा। निरीक्षण में राजस्व निरीक्षक ज्योतेंद्र नेगी, राजस्व उपनिरीक्षक राजेश उनियाल आदि शामिल रहे।

